बजट की महज 20 फीसद राशि खर्च, भाजपा ने सरकार को घेरा
प्रदेश भाजपा ने पिछले छह माह में बजट राशि के व्यय की सुस्त गति को लेकर राज्य सरकार को घेरा है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि है कि 20 सितंबर तक बजट की महज 20 फीसद राशि खर्च हुई है।
रांची : प्रदेश भाजपा ने पिछले छह माह में बजट राशि के व्यय की सुस्त गति को लेकर राज्य सरकार को घेरा है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि है कि 20 सितंबर तक बजट की महज 20 फीसद राशि खर्च हुई है। इससे सरकार की नीति और नीयत का पता चलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि खजाने में पैसे पड़े हैं, बावजूद इसके राज्य सरकार ने किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता में महज 0.12 फीसद, भवन निर्माण में 1.71 फीसद, श्रम नियोजन में 2.3, वन पर्यावरण में 6.45, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा में 10.16, ऊर्जा में 11.23 फीसद राशि ही खर्च हुई है।
इसी तरह पथ निर्माण विभाग में 12.19 फीसद, पेयजल एवं स्वच्छता में 14.12, नगर विकास विभाग में 18. 61, खाद्य आपूर्ति में 23.02, स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं शिक्षा में 23.42, ग्रामीण विकास विभाग में 33.47 और गृह कारा एवं आपदा विभाग में 44.50 फीसद राशि खर्च होना राज्य के विकास की गति को बतलाता है। उन्होंने कहा कि कृषि सुधार कानून पर राजनीति करने वालों का चेहरा सामने आ गया है। कृषि विभाग में एक फीसद से भी कम बजट की राशि खर्च हो पाई है। इससे कृषि और किसानों के प्रति सरकार की सोच स्पष्ट झलकती है। उन्होंने जनहित में बजट की राशि खर्च करने की अपील की, ताकि झारखंड में सर्वागीण विकास की गति को नया आयाम मिल सके। उन्होंने खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर फोकस करने की अपील की।
-----