भाजपा ने कांग्रेस को आदिवासी, दलित विरोधी पार्टी बताया
भाजपा ने कांग्रेस को आदिवासी और दलित विरोधी पार्टी बताया है।
रांची : भाजपा ने कांग्रेस को आदिवासी और दलित विरोधी पार्टी बताया है। रविवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने दलित विरोधी महिला को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह कांग्रेस के दलित-आदिवासी चेहरे को उजागर करता है। दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्षा गुंजन सिंह पर चतरा जिला अंतर्गत पिपरवार थाने में प्राथमिकी दर्ज है। दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को आदिवासी, दलित समाज से माफी मांगनी चाहिए।
दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री की चीन यात्रा पर विपक्ष के विरोध को विकास विरोधी बताया। कहा, यह यात्रा दो देशों के बीच परस्पर सहयोग और संवाद बढ़ाएगी। चीन के विकास कार्यक्रमों को झारखंड के संदर्भ में लागू करने और झारखंड की पहचान एवं विशेषताओं को चीन तक पहुंचाने में यह यात्रा काफी लाभकारी सिद्ध होगी। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण प्रभाकर व मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।
16 सितंबर को अटल जी की स्मृति में काव्यांजलि कार्यक्रम
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में 16 सितंबर को राज्य के काव्यांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। दीपक प्रकाश ने बताया कि यह कार्यक्रम राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में अटल जी द्वारा लिखित कविताओं का पाठ किया जाएगा। उनकी कविताओं का उन्हीं के मुख से जो पाठ हुआ है उसका ऑडियो भी सुनाया जाएगा। दीपक प्रकाश ने बताया कि पार्टी 17 सितंबर से 25 सितंबर के बीच कार्याजलि (सेवा सप्ताह) भी मनाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर प. दीनदयाल जी की जयंती 25 सितंबर तक सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री की स्वास्थ्य संबंधी महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत के संबंध में लोगों को जानकारी दी जाएगी। विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना के तहत पूरे राज्य में 59 लाख परिवारों को इससे जोड़ा जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश, जिला, मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
---