विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग दरिंदगी पर गरमाई राजनीति: बीजेपी ने 3 अप्रैल को बुलाया झारखंड बंद

Published: Mon, 30 Mar 2026 07:54 PM (IST)Updated: Tue, 31 Mar 2026 12:42 PM (IST)

हजारीबाग में बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के विरोध में भाजपा ने 3 अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान किया ...और पढ़ें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा- 2 दिनों में अपराधी नहीं पकड़े गए तो प्रदर्शन करेंगे कार्यकर्ता।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा- 2 दिनों में अपराधी नहीं पकड़े गए तो प्रदर्शन करेंगे कार्यकर्ता।

HighLights

  1. हजारीबाग दुष्कर्म के विरोध में भाजपा करेगी झारखंड बंद।

  2. अपराधी न पकड़े जाने पर 2 अप्रैल को मशाल जुलूस।

  3. राज्य में कानून-व्यवस्था पर भाजपा ने जताई चिंता।

राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रेसवार्ता कर कहा कि हजारीबाग में हुई दुष्कर्म की घटना के विरोध में भाजपा 3 अप्रैल को झारखंड बंद करेगी।

हजारीबाग जिले के कुसुंबा में बच्ची के साथ दुष्कर्म और फिर उसकी जघन्य हत्या पर उन्होंने कहा कि राज्य में बेटियां असुरक्षित हैं। विधि व्यवस्था ध्वस्त है और अपराधियों का मनोबल सिर चढ़कर बोल रहा।

साहू ने कहा कि राज्य में अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि रामनवमी मंगलवारी जुलूस में घूमने गई कुसुंबा की बेटी के साथ जिस प्रकार से अपराधियों ने दुष्कर्म किए,उसके शव के साथ जिस प्रकार से दरिंदों ने हालात की यह घटना रेयरेस्ट आफ द रेयर है।

ऐसी घटना पर राज्य सरकार की उदासीनता ने राज्य की जनता को हताश निराश किया है। जनता दहशत में जीने को मजबूर है। झारखंड हाईकोर्ट द्वारा मामले में संज्ञान लिए जाने पर उन्होंने कोर्ट का आभार जताया।

2 अप्रैल को जिला और प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस 

कहा कि दो दिनों में अगर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो आगामी 2 अप्रैल को भाजपा जिला और प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकालकर विरोध करेगी और 3 अप्रैल को झारखंड को बंद कराया जाएगा।

राज्य के वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता के बयान पर उन्होंने कहा कि पार्टी निर्लज्जता की सीमा पार कर चुकी है। सात दिनों के बाद सरकार के वित्त मंत्री कुछ पैसे देकर परिवार के जख्म को भरना चाहते है। प्रेसवार्ता में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा एवं सांसद ढुल्लू महतो भी उपस्थित थे।

हजारीबाग: मासूम बच्ची को न्याय दिलाने के लिए मशाल जुलूस

संवाद सूत्र, इचाक (हजारीबाग)। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के कुसुंबा गांव में 12 वर्षीय मासूम के साथ हुई दरिंदगी और निर्मम हत्या की घटना के विरोध में सोमवार शाम इचाक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।

दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने इचाक बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया। मशाल जुलूस का नेतृत्व पूर्वी जिला परिषद सदस्य रेनू देवी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अनिल मेहता तथा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष गोपाल सिंह ने किया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस प्रकार की अमानवीय घटनाएं समाज के लिए कलंक हैं और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अपराधियों की जल्द पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मशाल जुलूस के दौरान क्षेत्र में आक्रोश का माहौल देखा गया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

मौके पर मंडल उपाध्यक्ष एवं पूर्व उपमुखिया नरेश प्रसाद मेहता, महामंत्री प्रकाश राम, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष गौतम नारायण सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। 

यह भी पढ़ें- हजारीबाग नाबालिग दुष्कर्म हत्या मामले में हाईकोर्ट ने DGP से मांगा जवाब, जांच में देरी पर जताई नाराजगी

यह भी पढ़ें-  झारखंड में शराब घोटाले के बाद DA केस में भी IAS विनय चौबे को डिफॉल्ट बेल, ACB फिर चूकी

यह भी पढ़ें- 'शीशमहल' विवाद दिल्ली से पहुंचा झारखंड! भाजपा ने CM आवास पर 67 करोड़ खर्च पर उठाया सवाल