Jharkhand: भाजपा व आजसू मिलकर लड़ेंगे उपचुनाव, एनडीए गठबंधन के रूप में तय होगा साझा कार्यक्रम
Jharkhand By Election रांची में आजसू कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दीपक प्रकाश ने कहा कि उपचुनाव में दोनों दल मिलकर न केवल एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में मजबूती से चुनाव प्रचार करेंगे बल्कि संयुक्त संचालन समिति भी काम करेगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बनने से झारखंड विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़नेवाली भाजपा और आजसू पार्टी दुमका तथा बेरमो उपचुनाव के अलावा आगे भी एनडीए गठबंधन के रूप में साझा कार्यक्रम तय करेगी। पहली बार आयोजित दोनों दलों के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने यह घोषणा की।
रांची में आजसू कार्यालय में सोमवार को आयोजित इस संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि उपचुनाव में दोनों दल मिलकर न केवल एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में मजबूती से चुनाव प्रचार करेंगे बल्कि संयुक्त संचालन समिति भी काम करेगी। कहा कि उपचुनाव में जदयू और लोजपा का भी समर्थन मिला है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उपचुनाव परिवारवाद बनाम लोकतंत्र के अलावा वर्तमान सरकार की नाकामियों के मुद्दे को लेकर लड़ा जाएगा।
लुटेरी सरकार को उखाड़ फेंकने की शुरुआत यहीं से होगी। वहीं, आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने वर्तमान सरकार पर आरोप लगाया कि 10 माह में यह सरकार अपनी प्राथमिकता तक तय नहीं कर पाई है। चुनावी वादों पर एक कदम भी आगे नहीं चली है। मौके पर लोकसभा सदस्य चंद्रप्रकाश चौधरी तथा बेरमो से एनडीए प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल भी उपस्थित थे।