Move to Jagran APP

जेपी नड्डा ने भाजपा नेताओं को दिया टास्क, जोड़ें 25लाख नए सदस्य Ranchi News

भाजपा के कार्यकारी अध्‍यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को सुबह दस बजे रांची पहुंचे। यहां उन्‍होंने पार्टी के विभिन्‍न वर्ग के नेताओं के साथ अलग-अलग स्‍तर पर बैठक की।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sat, 13 Jul 2019 10:01 AM (IST)Updated: Sat, 13 Jul 2019 10:10 PM (IST)
जेपी नड्डा ने भाजपा नेताओं को दिया टास्क, जोड़ें 25लाख नए सदस्य Ranchi News
जेपी नड्डा ने भाजपा नेताओं को दिया टास्क, जोड़ें 25लाख नए सदस्य Ranchi News

रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश भाजपा को राज्य में 25 लाख नए भाजपा सदस्य बनाने का टास्क सौंपा है। शनिवार को दो दिवसीय प्रवास पर रांची पहुंचे नड्डा ने भाजपा कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ मैराथन बैठक की और स्पष्ट कहा कि इस लक्ष्य को हर हाल में हासिल करना है। नड्डा ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के स्तर से झारखंड के लिए बूथ स्तर पर तय किए गए टास्क पर आगे बढऩे की नसीहत भी दी। इससे पूर्व भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष का रांची एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

जेपी नड्डा ने गत नौ जून को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में अमित शाह की अध्यक्षता में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में तय किए गए कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने का निर्देश दिया और इसका निरंतर फॉलोअप का सुझाव दिया। प्रदेश की कोर टीम ने पूर्व के तयशुदा टास्क पर अपनी रिपोर्ट रखी, जिससे कार्यकारी अध्यक्ष संतुष्ट नजर आए। कहा, इसी के अनुरूप कार्य को बूथ स्तर तक आगे बढ़ाएं।

loksabha election banner

स्टेट गेस्ट हाउस में CM ने किया भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत।


भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने बैठक के बाबत मीडिया से जानकारी साझा करते हुए बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बूथ स्तर पर 23 तरह के टास्क लोकसभा चुनाव से पूर्व सौंपे थे। कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन सभी का अनुपालन विधानसभा चुनाव में भी करने को कहा है। सदस्यता अभियान पर चर्चा करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश भाजपा ने 25 लाख नए सदस्य बनाने का जो लक्ष्य तय किया है, उसे हर हाल में हासिल करना है।
प्रदेश के शीर्ष नेता इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिलों में प्रवास करें। शीर्ष टीम से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारी विस्तारक के रूप में सात दिनों तक प्रवास करें। उन्होंने भाजपा के प्रत्येक पदाधिकारियों को पांच-पांच बूथों की जवाबदेही भी सौंपी। कहा, लोकसभा चुनाव में 14 में से 12 सीटें एनडीए गठबंधन ने हासिल की थीं, भाजपा का वोट प्रतिशत भी बढ़ा है। प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता का मनोबल बढ़ा हुआ है, जबकि विपक्ष का मनोबल गिरा हुआ है।
कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, भाजपा के सह प्रभारी राम विचार नेताम, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद जयंत सिन्हा, सुदर्शन भगत, राज्य सरकार के मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, दीपक प्रकाश व अनंत ओझा उपस्थित थे।


कार्यकर्ताओं का बढ़ाया मनोबल, कहा- सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएं
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश कार्यालय में हुई पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारियों की बैठक में कहा कि आप सभी को गर्व होना चाहिए कि आप भाजपा के कार्यकर्ता हैं। एक ऐसी पार्टी के सदस्य हैं, जो लगातार सफलता हासिल कर रही है। जबकि, विपक्ष विशेषकर कांग्रेस का नेतृत्व भ्रमित है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है।
अन्य पार्टियों के कार्यकर्ता भी अपने दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं, अब सब भाजपा की विचारधारा को स्वीकारने लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला, आदिवासी व अनुसूचित जाति हर वर्ग के लिए काम कर रहे हैं। मोदी जी गरीबों के लिए केंद्र में और मुख्यमंत्री रघुवर दास राज्य में लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि वे केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करें। प्रदेश सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि रघुवर सरकार ने हर पहलू पर सफलता हासिल की है। भाजपा कार्यकर्ताओं को इस पर गर्व होना चाहिए। कहा, पार्टी को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी बनाने के लिए मेहनत करें। सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाएं। विश्वास जताया कि भाजपा झारखंड में सदस्यता अभियान का पिछला रिकॉर्ड तोड़ेगी।
आंकड़ों का हवाला दे समझाया जीत का गणित
जेपी नड्डा ने आंकड़ों का हवाला दे गीत का गणित समझाया। कहा, वर्ष 2014 में पूरे देश में हमारे 2.5 करोड़ सदस्य थे, जबकि इस वर्ष हुए लोकसभा चुनाव में पार्टी को करीब 18 करोड़ वोट मिले। वर्ष 2019 में सदस्यों की संख्या 11 करोड़ से अधिक थी और हमें चुनाव में 22 करोड़ वोट मिले। ये आंकड़े हमारी ताकत हैं। कहा, भाजपा में हर व्यक्ति लीडर है। नसीहत दी कि बूथ पर जाएं। जहां कमजोर हैं, उस बूथ पर फोकस करें।
65 प्लस का लक्ष्य हासिल करने को चाहिए एक करोड़ वोट : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि विधानसभा चुनाव में 65 प्लस का लक्ष्य हासिल करने के लिए हमें एक करोड़ वोट प्राप्त करने होंगे। प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक में मुख्यमंत्री ने इस लक्ष्य के साथ ही सदस्यता अभियान पर भी जोर दिया। कहा, 25 लाख सदस्यता के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। राज्य की जनता को भाजपा से जुडऩे की उत्सुकता है।
बस हमें अपनी नीतियों, कार्यक्रमों और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ घर-घर पहुंचने की आवश्यकता है। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि लोकसभा चुनावों में हमें अथक परिश्रम से बड़ी जीत मिली है। हमें इस उत्साह को जन-जन से जोडऩा है। सदस्यता अभियान के जरिए जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने किया।
जबकि वरिष्ठ नेताओं का स्वागत हेमलाल मुर्मू, सत्येंद्र तिवारी, आदित्य साहू, प्रिया सिंह, प्रणव वर्मा, सुनील कुमार सिंह, दीपक प्रकाश, अनंत ओझा, सुबोध सिंह गुड्डू, मनोज सिंह, नवीन जायसवाल, नूतन तिवारी, सरिता श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद, राजेश शुक्ला, दीनदयाल वर्णवाल, प्रतुल शाहदेव, प्रवीण प्रभाकर, मिसफिका हसन, अनिल सिन्हा, हेमंत दास, शिवपूजन पाठक, संजय जायसवाल आदि उपस्थित थे।


तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार जेपी नड्डा शनिवार 10.30 बजे सुबह बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। यहां से निकलकर नड्डा बिरसा चौक पहुंचे, जहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर उन्‍होंने माल्यार्पण किया। रात्रि विश्राम स्टेट गेस्ट हाउस में करने के बाद अगले दिन वे ओरमांझी के पांचा गांव स्थित बूथ पर जाएंगे। यहां वे पार्टी के बूथ स्तरीय सदस्यता अभियान में शामिल होंगे। पौधरोपण कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। रविवार को वे सेवा विमान से दिन में 12.25 बजे नई दिल्ली के लिए वापस लौट जाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.