Bihar Election Result 2020: मतगणना बिहार में, हलचल झारखंड में; चुनाव परिणाम से पहले ही तैयारियां शुरू
Bihar Election Result 2020 झारखंड की राजधानी रांची में लालू यादव की पार्टी राजद के कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारियाें में लगे हैं। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद की सरकार बनेगी।
रांची, जेएनएन। आज बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना का दिन है। एक तरफ नेताओं की धड़कनें बढ़ी हुई हैं, दूसरी ओर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीत की उम्मीद में तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। वैसे तो मतगणना बिहार में हो रही है, लेकिन पड़ोसी राज्य झारखंड में भी हलचल कम नहीं है। बिहार में वोटों की गिनती शुरू हो गई है और इधर, जश्न की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। झारखंड की राजधानी रांची में लालू यादव की पार्टी राजद के कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारियाें में लगे हैं।
उन्हें पूर्ण विश्वास है कि बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद की सरकार बनेगी। रांची के कोकर स्थित हैदर अली रोड के पास स्थानीय पार्षद अर्जुन यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों को बिहार चुनाव की मतगणना के पल-पल का अपडेट देने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। उनके द्वारा यहां बड़ा-सा एलसीडी लगाया गया है। इसके साथ ही जीत के बाद मुंह मीठा करने के लिए मिठाई की भी पूरी व्यवस्था की गई है। पार्षद अर्जुन यादव ने बताया कि जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ता रांची के अल्बर्ट एक्का चौक जाएंगे और वहां जश्न मनाएंगे।