Bihar Election 2020: लालू से मिलने पहुंचीं बाराचट्टी विधायक को रांची में कर दिया गया क्वारंटाइन
Bihar Assembly Elections मुलाकात के बाद स्टेट गेस्ट हाउस पहुंची। यहां रांची जिला प्रशासन ने 14 दिनों के लिए क्वारांटाइन किया।
रांची, जासं। बिहार की सियासत इन दिनों रांची के रिम्स में शिफ्ट है। बिहार चुनाव में टिकट पक्का करने के लिए लालू से मिलने आने वाले लोग जब झारखंड की हेमंत सरकार के लिए भी सिरदर्द साबित होने लगे तो सरकार ने अब लालू के बंगले के बाहर निगरानी व सख्ती बढ़ा दी है। इसी सिलसिले में बुधवार को लालू से मिलने रांची आईं बिहार के बाराचट्टी की विधायक समता देवी को रांची जिला प्रशासन ने क्वारंटाइन कर दिया है।
विधायक के साथ उनके दो बॉडीगार्ड और एक महिला सहायक को भी क्वारंटाइन किया गया है। इसके साथ ही लालू के बंगले के बाहर और आसपास मजमा लगाने वाले अन्य लोग भी सकते में आ गए हैैं। वैसे एक दिन पहले लालू के बंगले के बाहर दंडाधिकारी तैनात किए जाने और सख्ती का निर्देश दिए जाने के बाद से ही वहां आवाजाही कम हो गई है।
रिम्स के निदेशक आवास में इलाज के लिए रह रहे सजायाफ्ता राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद से मिलने हर दिन बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता बिहार से रिम्स पहुंच रहे हैं। कोई टिकट की आस में लालू के पास अपना बायोडाटा जमा कराने आ रहा है तो कोई अपने करीबियों को टिकट दिलाने की फरियाद लेकर। रिम्स के आसपास झारखंड और बिहार दोनों ही राज्यों के राजद नेताओं का मजमा लगने और सरकार व प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं किये जाने पर झारखंड में भी राजनीति कई दिनों से गर्म है। भाजपाई इसे मुद्दा बनाते हुए हेमंत सरकार को लगातार घेर रहे हैैं।
रांची के एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अखिलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि विधायक समता देवी ने झारखंड आने से पूर्व परमिशन नहीं लिया था। इसी कारण यह कार्रवाई की गई है। उन्हें सूचना मिली थी कि विधायक स्टेट गेस्ट हाउस में ठहरी हैैं। इसके बाद एडीएम स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे और वहां विधायक से पूछताछ करने के बाद क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया।
समता देवी ने कहा, रिम्स में किसी दूसरे मरीज से मिलने पहुंची थीं....
विधायक समता देवी ने बताया कि वह किसी बीमार व्यक्ति से मुलाकात करने रिम्स पहुंची थीं, लेकिन जिला प्रशासन ने उन्हें 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन कर दिया है। हालांकि सूत्रों से जानकारी मिली है कि बाराचट्टी विधायक समता देवी लालू प्रसाद से मिलने रिम्स पहुंची थीं। बुधवार दोपहर लालू प्रसाद से उनकी मुलाकात भी हुई। राजद के प्रदेश अध्यक्ष ने भी लालू प्रसाद से मुलाकात की है। बुधवार को निदेशक बंगले के बाहर बीते दिनों की अपेक्षा भीड़ कम थी, लेकिन बिहार व हिमाचल प्रदेश की गाडिय़ां बंगले के बाहर लगी थीं।