झारखंड में शूट होगी भोजपुरी फिल्म मुन्ना माफिया, 19-20 को स्थानीय कलाकारों का ऑडिशन
झारखंड की वादियां अब कलाकारों और फिल्म निर्देशकों को लुभा रही हैं।
रांची, जागरण संवाददाता। झारखंड की वादियां अब कलाकारों और फिल्म निर्देशकों को लुभा रहे हैं। आर के एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रहे भोजपुरी फीचर फिल्म मुन्ना माफिया की पूरी शूटिंग झारखंड में होगी। इसके अलावा फिल्म में झारखंड के कलाकारों को भी मौका दिया जाएगा। इसके लिए आगामी 19 व 20 अगस्त को कांके रोड स्थित होटल होटलिप्स के बैंक्वेट हॉल में स्थानीय कलाकारों केचयन हेतू ऑडिशन लिया जाएगा।
यह जानकारी फिल्म के निर्देशक निरंजन कुमार ने रातू रोड स्थित होटल कृष्ण में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान दी। इस दौरान उन्होंने फिल्म के शूटिंग लोकेशन के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा लोकेशन में अभी पतरातू घाटी फाइनल है। इसके अलावा इस वार्ता के दौरान उन्होंने फिल्म की कहानी के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा कि यह फिल्म मुन्ना यानी एक शरीफ बच्चे के अफीम की तस्करी कर माफिया बनने तक की है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं और बस उन्हें मौका कम मिलता है।
इस फिल्म के निर्देशक निरंजन कुमार भोजपुरी फिल्मों से पहले बॉलीवुड फिल्म सुपर नानी, अजब प्रेम की गजब कहानी आदि फिल्मों में सहायक निर्देशक के तौर पर काम कर चुके हैं। वहीं इस फिल्म की पटकथा विवेक उपाध्याय ने लिखी है।
इस फिल्म में महिला किरदार के लीड रोल के लिए अक्षरा सिंह हो सकती है। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों के लिए अपने अभिनय को दिखाने का एक अच्छा मौका है।
इस दौरान फिल्म के निर्माता आरके सिंह, गीतकार मनोज सिंह, सहयोगी अमित सिंहा व अन्य इस वार्ता के दौरान मौजूद रहें।