Lockdown Update: रांची से सब्जी लाने बंगाल जा रहे पिकअप वाहन के ड्राइवर-खलासी को पुलिस ने पीटा
Lockdown News Update. पिकअप वाहन के चालक का कहना है कि हमारे पास लॉकडाउन में जाने का परमिशन था बावजूद बंगाल की पुलिस ने बिना पूछताछ के हमारे ऊपर लाठीचार्ज किया।
रांची, जासं। लॉकडाउन में रांची से सब्जी लाने पश्चिम बंगाल जा रहे एक पिकअप वाहन के चालक और खलासी के साथ बंगाल की पुलिस ने मारपीट की। पिकअप वाहन के चालक का कहना है कि हमारे पास लॉकडाउन में जाने का परमिशन था, इसके बावजूद बंगाल की पुलिस ने बिना पूछताछ के हमारे ऊपर लाठीचार्ज किया। लॉकडाउन में आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को आने-जाने की छूट है।
गाड़ी के ड्राइवर ने बताया कि वह बनारस से अंगूर लेकर रांची पहुंचा था। माल खाली करने के बाद वह रांची से सब्जी लाने के लिए पश्चिम बंगाल के गोडबेता जा रहा था। झारखंड बंगाल सीमावर्ती क्षेत्र पर झारखंड सीमा प्रवेश करते ही बंगाल के तुलिन ओपी के पास पुलिस ने गाड़ी रोकने को कहा। इसके बाद बिना किसी पूछताछ के हम पर डंडे बरसाने लगे। जबकि गाड़ी पर लॉकडाउन का परमिशन चार्ट लगा हुआ था। पुलिस के लाठीचार्ज से ड्राइवर और खलासी को चोटें आई हैं। लाठीचार्ज के बाद आगे नहीं जाने दिया गया और झारखंड सीमा की ओर भगा दिया। पिकअप वैन उत्तर प्रदेश का है। बता दें कि आवश्यक वस्तुओं के लिए वाहनों को पास जारी किया जा रहा है। लॉकडाउन में सब्जी, फल को लाने के लिए वाहनों को एक राज्य से दूसरे राज्य में जाना पड़ता है।