VIDEO Bengal Election 2021: ममता बनर्जी को JMM का जवाब- हम खैरात नहीं मांग रहे, अहसान न जताएं
Bengal Election 2021 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे झारखंड मुक्ति मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि उसकी तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से कोई नाराजगी नहीं है। झामुमो की असली लड़ाई भाजपा से है। कोई हम पर अहसान नहीं जताए। हम किसी से खैरात नहीं मांग रहे।
रांची, राज्य ब्यूरो। Bengal Election 2021 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने स्पष्ट किया है कि उसकी तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से कोई नाराजगी नहीं है। झामुमो की असली लड़ाई भाजपा से है। गौरतलब है कि गुरुवार को झाड़ग्राम में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन की रैली पर ममता बनर्जी ने आपत्ति जताई थी।
झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने शुक्रवार को कहा कि ममता बनर्जी से नाराजगी नहीं है, लेकिन कोई हम पर अहसान नहीं जताए। हम किसी से खैरात नहीं मांग रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि झामुमो 30 से 35 सीटें उम्मीदवारों को उतारने के लिए चिन्हित कर रहा है। कुछ जनसंगठनों और दलों के साथ मिलकर झामुमो प्रत्याशी देगा। तृणमूल कांग्रेस से फिलहाल कोई बातचीत नहीं हुई है।
लोगों को देश की संपत्ति बेचने वाले सामन्तवादियों से सावधान होना होगा। नहीं तो वो दिन दूर नहीं जब देश में खून सस्ता और पानी महंगा हो जाएगा। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा अधिकारों के लिए लड़ने वाला परिवार है। हम ऐसा कारवां तैयार करने में विश्वास रखते हैं जो अधिकारों के लिए हमेशा लड़ता रहे। https://t.co/0EKBDyC5gS" rel="nofollow pic.twitter.com/JTdoIpVZW3— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) January 28, 2021
झामुमो महासचिव ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में सिर्फ लड़ने नहीं, बल्कि जीतने के लिए झामुमो प्रत्याशी देगा। बंगाल का जनजातीय बहुल इलाका वृहद झारखंड आंदोलन का हिस्सा रहा है। इसके अलावा ओड़िशा, बिहार में भी झारखंड आंदोलन के दौरान लोग शहीद हुए। चुनाव के संदर्भ में जनसंगठनों से बातचीत चल रही है और जल्द ही संयुक्त उम्मीदवार देने पर सहमति बनने की संभावना है।