निगम बोर्ड के एजेंडे से शहर की मूल समस्याएं गायब
रांची नगर निगम कार्यालय में कल बोर्ड की बैठक होगी। बैठक के एजेंडे से शहर की मूल समस्याएं ही गायब हो गईं हैं।
जागरण संवाददाता, रांची : नगर निगम कार्यालय में कल बोर्ड की बैठक होगी। बैठक के एजेंडे से शहर की सभी मूल और प्रासंगिक समस्याएं गायब है। हल्की बरसात में भी कांके रोड, रातू रोड जैसी वीआइपी सड़कें पानी से भर जाती हैं। लेकिन जलजमाव का मुद्दा निगम के लिए इतना जरूरी नहीं है कि इसे बोर्ड की बैठक में लाया जाए। इसी तरह एस्सेल इंफ्रा कंपनी के जाने के बाद शहर की सफाई के लिए नई कंपनी अथवा निगम द्वारा कार्य संपादित करने की व्यवस्था पर कोई चर्चा नहीं होगी। नालियां, स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक सिग्नल वेस्ट मैनेजमेंट जैसी कई समस्याएं हैं, जिससे रांची जूझ रही है। लेकिन ऐसी किसी भी समस्या को बोर्ड के एजेंडे में शामिल नहीं किया गया है।
बोर्ड के एजेंडे पर वार्ड पार्षदों ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। वार्ड 26 के पार्षद अरुण झा ने कहा कि एजेंडे में कुल 10 विषय हैं, जिनमें से केवल 2 विषय आम लोगों से जु़ड़ा है। नियम के अनुसार बोर्ड का एजेंडा स्टैंडिंग कमिटी में पारित विषयों पर ही बनना चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं होता है। बोर्ड का एजेंडा स्टैंडिंग कमिटी के पारित विषयों से अलग होता है। बैठक के मुख्य विषय -
- पांच तालाबों का सौंदर्यीकरण और स्वीकृति।
- नागरिक सुविधा मद से योजनाओं की स्वीकृति।
- निगम कर्मियों को महंगाई भत्ता देने के संबंध में।
- अमीन विजय कुमार को संविदा अवधि विस्तार के संबंध में।
- नालियों से पानी निकालने वाले सुपर सकर मशीन खरीदने के सबंध में। विषय जो छोड़ दिए गए -
- शहर में हो रहे जल जमाव से निबटने की योजना।
- शहर के सफाई व्यवस्था के लिए नई कार्ययोजना।
- बढ़ती आबादी को पानी देने के लिए नए पाइपलाइन।
- नए क्षेत्रों में स्ट्रीट लगाने के लिए उनकी खरीदारी।
- शहर में लग रहे जाम को ले कर चर्चा।