औरंगाबाद से पकड़ा गया बैंक लुटेरा, चतरा में बैंक ऑफ इंडिया से लूटे थे 23 लाख
झारखंड-बिहार सीमा पर हंटरगंज के गोसाइडीह में बैंक ऑफ इंडिया लूटकांड के मुख्य आरोपित दीपुंजय सिंह की गिरफ्तारी बिहार के औरंगाबाद से हुई है।
हंटरगंज (चतरा), जेएनएन। झारखंड और बिहार की सीमा पर स्थित हंटरगंज थाना क्षेत्र के गोसाइडीह में बैंक ऑफ इंडिया लूटकांड के मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित दीपुंजय सिंह की गिरफ्तारी बिहार के औरंगाबाद से हुई है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि उसके पास से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक अखिलेश बी वारियर को गुप्त सूचना मिली थी कि गोसाइडीह बैंक लूट कांड का मुख्य आरोपित औरंगाबाद में पनाह लिए हुए है।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने छापेमारी के लिए एक टीम का गठन किया। गठित टीम औरंगाबाद पहुंची और वहां के स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसके ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के बाद उसे मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे यहां लगाया गया और पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। ज्ञात हो कि 29 जुलाई 2019 को दिनदहाड़े उक्त बैंक से 23 लाख रुपये की लूट की गई थी। पुलिस ने लूटकांड में शामिल चार अभियुक्त को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
अनियंत्रित बस पेड़ से टकराई, बाल-बाल बचे सवारी
चतरा-गया मुख्य पथ एनएच-99 स्थित संघरी घाटी के समीप गुरुवार को एक सवारी बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि, इस दुर्घटना में बस पर सवार यात्री व चालक बाल-बाल बच गए। बताया जाता है कि बस का ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई। यात्री बस जय मंगला चतरा से करीब 50 सवारी लेकर बिहार के गया जिला जा रही थी। संघरी घाटी के समीप अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने बस पर से अपना संतुलन खो दिया और सड़क किनारे स्थित एक पेड़ में टक्कर मार दी। इधर, पुलिस को घटना की जानकारी होते ही वह घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पड़ताल में जुट गई है।