प्लस टू हाई स्कूल बचरा के शिक्षक सुनील कुमार महतो की कोविड से मौत Ranchi News
Ranchi Jharkhand News Hindi Samachar सुनील की नियुक्ति सहायक शिक्षक के रूप में जून 2019 में हुई थी। परिवार वालों की स्थिति भी काफी दयनीय हो चुकी है। सुनील कुमार मूल रूप से डाल्टेनगंज के रहने वाले हैं।
रांची, जासं। पिछले एक महीने 10 दिनों से कोविड-19 से जंग लड़ रहे प्लस टू हाई स्कूल, बचरा के सहायक शिक्षक सुनील कुमार महतो की मृत्यु रांची के रिम्स अस्पताल में बुधवार 9 जून को हो गई। विगत 28 अप्रैल 2021 को तबियत ज्यादा बिगड़ने पर उन्होंने चेकअप कराया। इसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। अब तक उनके इलाज में 11 लाख रुपये खर्च हो चुके थे। परिवार में एकमात्र कमाने वाले यही थे। इनकी नियुक्ति सहायक शिक्षक के रूप में जून 2019 में हुई थी।
परिवार वालों की स्थिति भी काफी दयनीय हो चुकी है। मूल रूप से डाल्टेनगंज के कोयरीपतरा निवासी सुनील कुमार महतो अपने पीछे पत्नी उषा किरण कुमारी और एक वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। दो वर्ष पूर्व ही इनका विवाह उषा किरण कुमारी के साथ हुआ था। इनके निधन पर चतरा जिला शिक्षक संघ व प्लस टू हाई स्कूल बचरा के शिक्षकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हमने एक योग्य, ईमानदार व अपने कार्यों के प्रति समर्पित एक कुशल व योग्य शिक्षक को खो दिया।
विभिन्न प्रखंडों में टीकाकरण को लेकर जागरूकता अभियान
रांची के उपायुक्त छवि रंजन के निर्देश पर जिला में कोरोना टीकाकरण हेतु लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सभी प्रखंड के विभिन्न पंचायत और गांव टोलों में ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। लापुंग में महिला सखी मंडल की महिलाओं ने ग्रामीणों को टीकाकरण हेतु जागरूक किया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पहले अपना टीकाकरण करवाया, ताकि उपस्थित सभी ग्रामीणों के मन में व्याप्त भ्रांतियों को भी उनके सामने दूर किया जा सके।
पीडीएस डीलरों के साथ बैठक कर बीडीओ ने 45 प्लस आयु वर्ग के लोगों को टीकाकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी दी और उनके मन की शंकाओं को दूर किया। ग्रामीणों को एकत्र कर उनका टीकाकरण करवाने के लिए मोबाइल वैन की व्यवस्था करने की योजना तैयार की गई। बुढ़मू प्रखंड के सारले पंचायत में बीडीओ और प्रमुख ने लोगों को टीकाकरण हेतु जागरूक किया। प्रमुख सुमन देवी एवं पूर्व प्रमुख रामेश्वर पाहन ने भी प्रथम डोज लिया।
मोबाइल वैक्सीनशन वाहन की तत्काल व्यवस्था कर ग्रामीणों का वैक्सीनेशन करवाया गया। मनरेगा में काम करनेवाले ग्रामीणों का मनरेगा साइट पर ही टीकाकरण कराया गया। ज्ञात हो कि उपायुक्त छवि रंजन ने बीते दिनों वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से मनरेगा में कार्यरत मजदूरों का ऑन साइट टीकाकरण करवाने हेतु सभी प्रखंड के वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया था। जिला के अन्य प्रखंडों में भी 45 प्लस आयु वर्ग के लोगों को कोरोना टीका लेने के लिए जागरूक करने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है।