दुमका उपचुनाव से शुरू होगा सरकार को उखाड़ फेंकने का अभियान : बाबूलाल
बाबूलाल ने स्पष्ट कहा कि दुमका उपचुनाव से राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने का अभियान भाजपा शुरू करेगी।
राज्य ब्यूरो, रांची : दुमका उपचुनाव के समय पर होने को लेकर संशय है लेकिन इस पर भाजपा की पैनी नजर लगी हुई है। शनिवार को भाजयुमो की दुमका की वर्चुअल युवा संपर्क रैली में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने अपने संबोधन में इसे साफ कर दिया। बाबूलाल ने स्पष्ट कहा कि दुमका उपचुनाव से राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने का अभियान भाजपा शुरू करेगी। बाबूलाल ने युवा संपर्क रैली को रांची प्रदेश कार्यालय से संबोधित किया, जबकि दुमका से पूर्व मंत्री लुइस मरांडी समेत अन्य कार्यकर्ता जुड़े।
बाबूलाल ने कहा कि झूठे वादे करने वाली इस सरकार के पास न तो कोई सोच है और न ही विकास का कोई रोड मैप व विजन। उन्होंने कहा कि आने वाले दुमका विधानसभा उपचुनाव में जनता निश्चित रूप से झूठ बोलने वाली ट्विटर सरकार को कड़ा संदेश देगी। यह चुनाव झारखंड की राजनीति की दशा एवं दिशा तय करेगा। बाबूलाल ने कहा कि कोरोना संकट की इस विपदा में हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। यह भी कहा कि राज्य में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर की हालत बहुत खराब है। लोगों को ठीक से भोजन तक नहीं मिल रहा है। वर्तमान सरकार सुविधा देने के बजाय अधिकतर लोगों को होम क्वारंटाइन में भेज रही है।
इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों को साझा किया और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ाया। यह भी कहा कि कोरोना संकट में जिस प्रकार अपनी जान को जोखिम में डालकर कोरोना योद्धा के रूप में डॉक्टर, नर्स, पुलिसकर्मी, बैंक कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, स्वच्छताकर्मी ने लोगों की सेवा की है वह सच में अद्भुत और अकल्पनीय है। यह भी कहा कि कोरोना संकट अभी टला नहीं है हमें स्वयं बचना है और लोगों को भी बचाना है। रैली को लुइस मरांडी और भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार ने भी संबोधित किया।
------------