हेमंत सरकार पर हमलावर होगी भाजपा, सदन से सड़क तक आक्रामक मुहिम की तैयारी
बाबूलाल मरांडी को नेता विधायक दल चुने जाने के साथ ही भाजपा सशक्त विपक्ष की अपनी भूमिका के मूल मिशन में जुटेगी। पार्टी के केंद्रीय नेताओं ने सोमवार को इस बाबत स्पष्ट संकेत दिए।
रांची, राज्य ब्यूरो। बाबूलाल मरांडी को नेता विधायक दल चुने जाने के साथ ही भाजपा सशक्त विपक्ष की अपनी भूमिका के मूल मिशन में जुटेगी। पार्टी के केंद्रीय नेताओं ने सोमवार को इस बाबत स्पष्ट संकेत दिए। विधि व्यवस्था, उग्रवाद आदि के मसले पर तो सरकार को घेरा ही जाएगा, पूर्व की रघुवर दास सरकार की योजनाओं को बंद किए जाने का भी सदन से सड़क तक विरोध किया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर ने अपने संबोधन के दौरान मरांडी का पार्टी में स्वागत करते हुए राज्य सरकार पर हमलावर होने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि भले ही भाजपा को चुनाव में कम सीटें मिली है परंतु स्वार्थ पर आधारित बेमेल गठबंधन की सरकार से राज्य का भला नही होने वाला। दो महीने में ही यह सरकार जनकल्याण से दूर चली गई। बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में विधायक जन विरोधी नीतियों के खिलाफ पुरजोर संघर्ष करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट कहा कि पार्टी सड़क से सदन तक राज्य सरकार के कुशासन के खिलाफ संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि यह सरकार जन विरोधी है। 56 दिनों में प्रदेश में 20 नक्सल घटनाएं हो चुकी, यह नरसंहार की सरकार है। वादों को पूरा करने में विफल सरकार खजाना खाली का बहाना बना रही। पूर्व सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद किया जा रहा है। पत्थलगड़ी की घटनाएं तो सभी को मालूम हैं। उन्होंने कहा कि मरांडी एक अनुभवी नेता हैं। पार्टी मजबूती के साथ सदन में जनविरोधी कार्यों का प्रबल विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक बड़ा परिवार है जिसकी ताकत और बढ़ी है।
शीघ्र होगी प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा शीघ्र की जाएगी। एक अन्य प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि रघुवर दास के कार्यकाल में विकास के बहुत से कार्य हुए हैं। उनके कार्यकाल पर हमें गर्व हैं। पूर्व की सरकार पर एक रुपये का आरोप नहीं है। जिसको जितनी जांच करानी है कर ले।