Ayodhya Demolition Case: आरएसएस व विहिप ने फैसले का किया स्वागत, कहा- न्याय व सत्य की जीत हुई
Ayodhya Structure Demolition Case भय्याजी जोशी ने कहा है कि अब समाज के सभी वर्गों में परस्पर विश्वास एवं सौहार्द का वातावरण बनेगा। मिलिंद परांडे ने कहा कि सीबीआइ की विशेष अदालत द्वारा 6 दिसंबर 1992 के संबंध में निर्णय दिया गया है उससे आनंद है।
रांची, जासं। सीबीआइ की विशेष अदालत द्वारा विवादास्पद ढांचे के विध्वंस मामले में सभी आरोपियों को ससम्मान बरी करने के निर्णय का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने स्वागत किया है। कोर्ट के फैसले पर बयान जारी करते हुए आरएसएस के सरकार्यवाह भय्याजी जोशी ने कहा है कि अब समाज के सभी वर्गों में परस्पर विश्वास एवं सौहार्द का वातावरण बनेगा।
समाज के सभी वर्ग के लोग एक होकर देश के सामने आने वाली चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करते हुए इसे प्रगति की दिशा में आगे ले जाने में जुट जाएंगे। वहीं विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि न्याय व सत्य की जीत हुई है। विहिप के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि सीबीआइ की विशेष अदालत द्वारा 6 दिसंबर 1992 के संबंध में निर्णय दिया गया है, उससे आनंद है, आश्चर्य नहीं।
गत 28 वर्षों से मानसिक प्रताड़ना झेल रहे रामभक्तों को भी श्रीराम जन्मभूमि की भांति मुक्ति मिली। आइए, हम सब मिलकर भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण कार्य में अग्रेसर हों। वहीं कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि समाज में नया वातावरण बनेगा। सभी एक होकर देश की प्रगति के लिए काम करेंगे।
कहा कि भारतीय समाज को अब अपना ध्यान आगे आने वाले कार्यों की ओर लगाना है। हमें ऐसा सशक्त भारत बनाना है जो अपने अंदर की और सीमाओं पर की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सके। अब विहिप के कार्यकर्ता समाज में सामाजिक समरसता बनाए रखने के साथ-साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से पिछड़े अन्य वर्गों की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उन्नति के लिए काम करेंगे।