रांची में हड़िया दुकान पर हुए विवाद में ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या, मोबाइल लेने लौटने पर किया जानलेवा हमला
रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में हड़िया दुकान पर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां ऑटो चालक ...और पढ़ें

चालक की पीट-पीटकर हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
रांची में हड़िया दुकान पर विवाद के बाद हत्या।
ऑटो चालक शोभनाथ राय की पीट-पीटकर जान ली।
मोबाइल लेने लौटने पर आरोपियों ने किया हमला।
जागरण संवाददाता, रांची/तुपुदाना। धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित शहीद मैदान में हड़िया पीने के दौरान हुआ मामूली विवाद सोमवार की रात खूनी घटना में बदल गया। हड़िया दुकान पर हुए विवाद के बाद आटो चालक शोभनाथ राय की पीट पीटकर हत्या कर दी गई।
आरोप है कि शोभनाथ जब दुकान पर छूटा अपना मोबाइल लेने दोबारा अकेले पहुंचे तो पहले से मौजूद आरोपितों ने उन्हें घेर लिया और लाठी डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उन्हें गुरुनानक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गाली गलौज और मारपीट
चुटिया थाना क्षेत्र के द्वारिकापुरी रोड नंबर आठ निवासी शोभनाथ राय एयरपोर्ट से रिजर्व में आटो चलाते थे। सोमवार शाम करीब 6:45 बजे उन्होंने अपने 18 वर्षीय बेटे सन्नी कुमार को फोन किया। बताया कि शहीद मैदान के पास कुछ लोग उनके साथ गाली गलौज और मारपीट कर रहे हैं।
पिता का फोन आने के बाद सन्नी अपने भाई किशन कुमार और दोस्तों प्रियांशु सिंह व लल्लू कुमार के साथ करीब 7:10 बजे शहीद मैदान पहुंचा। शांति देवी की हड़िया दुकान के पास पहुंचने पर शोभनाथ ने संदीप पासवान, रंजीत और राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा की पहचान की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद और हाथापाई हुई।
परिजनों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत
परिजनों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद सन्नी और उसके साथ आए लोग शोभनाथ को लेकर वहां से निकलने लगे। रास्ते में शोभनाथ को याद आया कि उनका मोबाइल हड़िया दुकान पर ही छूट गया है। उन्होंने बेटा से कुछ देर रुकने को कहा और अकेले मोबाइल लेने वापस दुकान की ओर चले गए। आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने उन्हें अकेला पाकर फिर घेर लिया और लाठी डंडे से हमला कर दिया।
देर तक नहीं लौटे तो तलाशने पहुंचा बेटा
काफी देर तक शोभनाथ के वापस नहीं लौटने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। सन्नी और अन्य लोग दोबारा शांति देवी की दुकान की ओर पहुंचे। वहां शोभनाथ गंभीर रूप से घायल और बेसुध हालत में जमीन पर पड़े मिले। उनके सिर से काफी खून बह रहा था।
घरवालों ने तत्काल उन्हें उठाया और इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शोभनाथ को मृत घोषित कर दिया।
बेटे के बयान पर हत्या की प्राथमिकी
घटना के बाद मृतक के पुत्र सन्नी कुमार के बयान पर धुर्वा थाने में संदीप पासवान, रंजीत और राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सन्नी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उसके पिता की हत्या राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा और अन्य लोगों ने की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा और दशरथ यादव को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश में छापामारी की जा रही है।
बेटा का आरोप, अकेला पाकर किया हमला
मृतक के बेटे के अनुसार, पहली बार विवाद के बाद शोभनाथ को वे अपने साथ लेकर लौट रहे थे। उस समय स्थिति सामान्य हो गई थी। लेकिन मोबाइल दुकान पर छूट जाने के कारण शोभनाथ दोबारा अकेले लौटे और इसी दौरान उन पर हमला किया गया। बेटे का आरोप है कि यदि वे दोबारा समय पर नहीं पहुंचते तो शोभनाथ को बचाने का मौका भी नहीं मिलता।
