Move to Jagran APP

झारखंड की प्रमुख पांच नदियों में विसर्जित की जाएंगी अटलजी की अस्थियां

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां 22 अगस्त को रांची पहुंचेगी।

By Sachin MishraEdited By: Published: Mon, 20 Aug 2018 07:59 PM (IST)Updated: Mon, 20 Aug 2018 07:59 PM (IST)
झारखंड की प्रमुख पांच नदियों में विसर्जित की जाएंगी अटलजी की अस्थियां
झारखंड की प्रमुख पांच नदियों में विसर्जित की जाएंगी अटलजी की अस्थियां

रांची, जेएनएन। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सदैव हमारे आदर्श एवं प्रेरणास्त्रोत बने रहेंगे। उनकी अस्थियां झारखंड की प्रमुख पांच नदियों में विसर्जित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी को स्कूल के पाठ्यक्रम में शामिल करेगी ताकि आनेवाली पीढ़ी उन्हें, उनके विचारों और उनके कार्यो के बारे में जाने।

loksabha election banner

इस संबंध में शिक्षा मंत्री को निर्देश भी राज्य सरकार द्वारा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी झारखंड के निर्माता हैं। झारखंड राज्य उनकी देन है। राज्य की सवा तीन करोड़ जनता और राज्य सरकार का यह कर्तव्य बनता है कि उनके लिए कुछ विशेष करें।

कल रांची पहुंचेगी अटल जी की अस्थियां

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां 22 अगस्त को रांची पहुंचेगी। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा को नई दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में 22 अगस्त को अस्थि कलश सौंपा जाएगा। इसी दिन वे पूर्व प्रधानमंत्री की अस्थियों को लेकर रांची पहुंचेंगे। रांची एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, राज्य सरकार के सभी मंत्री और प्रदेश पदाधिकारी अस्थियों को रिसीव करेंगे। भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के उपरांत यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने दी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि उन्हें दिल्ली में 22 अगस्त को दस बजे भाजपा मुख्यालय में अस्थि कलश सौंपा जाएगा। इसी दिन शाम चार बजे वे रांची पहुंचेंगे। संध्या पांच बजे अटल जी की याद में कार्निवाल सभागार में एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विपक्षी दलों के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शिरकत करेंगे।

अस्थियों के विसर्जन की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि राज्य के सभी पांच प्रमंडलों की पांच नदियों में पूर्व प्रधानमंत्री की अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। इस क्रम में 23 अगस्त को रांची के नामकुम में स्वर्ण रेखा नदी में अस्थियां विसर्जित की जाएंगी। 24 अगस्त को रामगढ़ मेंदामोदर नदी में, साहिबगंज में गंगा नदी , मेदिनीनगर में कोयल नदी और बहरागोड़ा में स्वर्णरेखा नदी में अस्थियों का विसर्जन होगा। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, अनंत ओझा, प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव व मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे।

प्रदेश भाजपा ने स्वीकारा सूची में नहीं था नाम

प्रदेश भाजपा ने स्वीकारा है कि मुख्यालय के स्तर से विसर्जन को लेकर जारी सूची में झारखंड की नदियों का नाम नहीं था। महामंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि मुख्यालय के स्तर से सूची को संशोधित कर लिया गया है और जारी दूसरी सूची में झारखंड की नदियों को शामिल किया गया है।

भाजपा का प्रमंडलीय सम्मेलन 25 से

चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश भाजपा ने प्रमंडलीय सम्मेलन की तैयारी की है। इस सम्मेलनों में विधानसभावार गठित कोर कमेटियों के सदस्य, प्रमंडलीय प्रभारी व उक्त प्रमंडल के कार्यसमिति सदस्य भाग लेंगे। प्रमंडलीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा भी उपस्थित रहेंगे। उत्तरी छोटानागपुर का प्रमंडलीय सम्मेलन 25 अगस्त को बोकारो में होगा। इसी दिन कोल्हान प्रमंडलीय सम्मेलन बहरागोड़ा में होगा। 29 अगस्त को पलामू के मेदिनीनगर और दक्षिणी छोटानागपुर के रांची में सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। संताल परगना के देवघर में 31 अगस्त को प्रमंडलीय सम्मेलन का आयोजन होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.