महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया दरोगा, महिलाओं ने दौड़ा-दौड़ाकर झाड़ू-बेलन से पीटा
घटना सामने आने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों ने विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीण एसपी ऋषभ कुमार ने खलारी डीएसपी से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।
रांची, जासं। रांची के खलारी थाने में पोस्टेड एएसआइ की हरकत से पुलिस की छवि पर सवाल उठ रहे हैं। एएसआइ योगेंद्र सिंह सोमवार की दोपहर महिला के साथ आपत्तिजनक हाल में पकड़ा गया। इसके बाद उसकी जमकर धुनाई की गई। बाद में वह किसी तरह भागकर वहां से निकला। काफी देर तक महिलाओं ने लाठी, डंडे, झाड़ू और बेलन लेकर पीछा भी किया। हालांकि उसके फरार हो जाने के बाद परिजनों ने खलारी थाने में एएसआइ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
इधर, घटना सामने आने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों ने विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीण एसपी ऋषभ कुमार ने खलारी डीएसपी से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। दोषी पाए जाने पर एएसआइ सस्पेंड किए जाएंगे। खलारी के स्थानीय लोगों ने कहा है कि एएसआइ योगेंद्र सिंह ने वर्दी को दागदार किया है।
मोहल्लेवासियों की जुट गई थी भीड़
जानकारी के अनुसार एएसआइ खलारी थाना क्षेत्र के नया बस्ती स्थित एक महिला के घर आपत्तिजनक स्थिति में था। महिला के घर की अन्य महिलाओं ने यह देख लिया। इसके बाद महिलाओं ने शोर मचाते हुए उसकी धुनाई कर दी। महिलाओं को आक्रोशित देखकर एएसआइ भाग निकला। इसबीच महिलाओं ने अपने पति और मोहल्लेवासियों को जुटाया। मोहल्लेवासियों ने एएसआइ की बाइक को कब्जे में रखा है। मामले में एएसआइ योगेंद्र सिंह के खिलाफ में महिला के देवर ने खलारी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा है कि बजाज कैलिवर बाइक (जेएच-01एम-1424) से आरोपित एएसआइ महिला के घर पहुंचा था, जिसे मौके पर ही छोड़कर भाग निकला।
'पूरे मामले की जांच रिपोर्ट खलारी डीएसपी से मांगी गई है। दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।Ó
ऋषभ कुमार झा, ग्रामीण एसपी रांची।