दो पत्नी के फेर में फंसे कोडरमा DTO, जा सकती है नौकरी Ranchi News
Jharkhand. वाराणसी की रहनेवाली है पहली पत्नी तो दूसरी भोजपुर की। पहली ने मुकदमा किया तो दूसरी ने गवाही दी है। पुष्टि और अधिकारी का पक्ष मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
रांची, [आशीष झा]। कोडरमा डीटीओ संतोष सिंह पर आरोप है कि उन्होंने दो-दो शादियां की हैं। पहली शादी मोनिका सिंह से तो दूसरी गुडिय़ा सिंह से। पहली पत्नी ने कोर्ट में मुकदमा दायर किया है, मामला संज्ञान में आने पर इसमें दूसरी पत्नी भी गवाह बन गई है। इस मामले में दावा किया गया है कि वाराणसी कोर्ट से संतोष सिंह के खिलाफ वारंट भी जारी किया गया है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।
पत्नी मोनिका सिंह की शिकायत पर मामले की जांच कार्मिक विभाग ने शुरू कर दी है और कोडरमा उपायुक्त से रिपोर्ट भी तलब की है। उधर डीटीओ दो शादियों की बात से इन्कार कर रहे हैं। वाराणसी के रहनेवाले संतोष सिंह पर उनकी पहली पत्नी मोनिका सिंह ने आरोप लगाया है कि 2007 में शादी होने के एक साल बाद उन्हें एक पुत्री हुई। इसके बाद बेटे के लिए मोनिका को तरह-तरह से प्रताडि़त किया गया। इसमें सास, ससुर और ननद का भी साथ रहा।
बाद में पुत्री अंजली सिंह के साथ भी मारपीट होने लगी तो 2013 में मोनिका सिंह अपने मायके लौट गईं। उन्होंने इस बीच दो बार जबर्दस्ती गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया गया है। बाद में दूसरी शादी की धमकी भी दी गई। बाद में मोनिका ने गुजारा भत्ता की मांग को लेकर संतोष सिंह पर कोर्ट में मुकदमा भी किया। इस मुकदमे में दूसरी पत्नी गुडिय़ा सिंह ने भी मोनिका के पक्ष में गवाही दी है। तलाक का मामला चालू रहने के बीच संतोष सिंह पर दूसरी शादी का आरोप है।
मोनिका के अनुसार मई 2017 में डीटीओ की दूसरी शादी भोजपुर की गुडिय़ा सिंह से हुई। गुडिय़ा सिंह ने भी धोखे से शादी करने और दहेज उत्पीडऩ का मुकदमा वाराणसी के महिला थाने में किया है, जिसकी जांच चल रही है। कार्मिक विभाग को भेजे गए शिकायत पत्र में गुडिय़ा ने जानकारी दी है कि संतोष सिंह के खिलाफ इस मामले में गैर जमानती वारंट जारी है लेकिन पुलिस उन्हें प्रस्तुत नहीं कर पा रही है। ऐसा उनके रुतबे के कारण हो रहा है। कोडरमा उपायुक्त कार्यालय के सूत्रों ने इस संदर्भ में पत्राचार होने की पुष्टि की है।
'हमने कोई दूसरी शादी की ही नहीं है। दूसरी शादी की बात झूठी है और इसके खिलाफ कोर्ट में मानहानि का मुकदमा भी किया है। मामला अभी न्यायालय में लंबित है इसलिए बहुत कुछ नहीं बोलूंगा।' -संतोष सिंह, डीटीओ, कोडरमा।