RSS की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक 16 से भुवनेश्वर में Ranchi News
Rashtriya Swayamsevak Sangh. 12 अक्टूबर को संघ प्रमुख भुवनेश्वर पहुंचेंगे। 13 से कोर टीम की बैठक होगी। इसमें नई शिक्षा नीति एवं मॉब लिंचिंग आदि विषयों पर चर्चा हो सकती है।
रांची, [संजय कुमार]। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक 16 से 18 अक्टूबर तक भुवनेश्वर में होगी। 13 अक्टूबर से कोर टीम की बैठक शुरू हो जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए 12 अक्टूबर को सरसंघचालक मोहन भागवत भुवनेश्वर पहुंच जाएंगे। तीन दिनों की बैठक में नई शिक्षा नीति, मॉब लिंचिंग सहित कई विषयों पर चर्चा हो सकती है। संबंधित प्रस्ताव भी पारित किए जा सकते हैं।
बैठक में संघ प्रमुख के साथ सभी अखिल भारतीय अधिकारी और सभी क्षेत्र एवं प्रांत के संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक, उनके सहयोगी और विविध संगठनों के केंद्रीय संगठन मंत्री एवं उनके प्रमुख शामिल होंगे। प्रति वर्ष दीपावली से पहले होने वाली इस अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक को दिवाली बैठक के नाम से भी जाना जाता है। संघ सूत्रों के अनुसार मुख्य बैठक 16 से 18 अक्टूबर तक ही होगी।
वैसे 13 से 21 अक्टूबर तक चलने वाली इस बैठक में पहले दिन संघ प्रमुख, सरकार्यवाह, सभी सह सरकार्यवाह एवं कई अखिल भारतीय अधिकारी शामिल होंगे। इस बार की बैठक में जिन विषयों पर चर्चा हो सकती है उसका संदेश संघ प्रमुख ने विजयादशमी उत्सव के संबोधन में दे दिया था। 14 अक्टूबर की बैठक में सभी अखिल भारतीय अधिकारी और क्षेत्र के अधिकारी शामिल होंगे।
15 की बैठक में अखिल भारतीय अधिकारी, क्षेत्र के अधिकारी एवं सभी प्रांतों के अधिकारी शामिल होंगे। 16 अक्टूबर से विधिवत प्रारंभ इस बैठक में पहले दिन संघ प्रमुख मोहन भागवत एवं सर कार्यवाह भैय्याजी जोशी का संबोधन होगा। उसके बाद निर्धारित विषयों पर चर्चा होगी।