Move to Jagran APP

कल दिल्‍ली में होगी झारखंड कांग्रेस की पंचायत, डॉ अजय कुमार पर बड़ा फैसला संभव

कांग्रेस कमेटी के महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने सभी को दिल्ली तलब किया है। शनिवार को इस मसले पर राज्य के तमाम सीनियर नेताओं की मौजूदगी में कोई बड़ा फैसला सामने आ सकता है।

By Alok ShahiEdited By: Published: Fri, 02 Aug 2019 07:31 AM (IST)Updated: Fri, 02 Aug 2019 05:10 PM (IST)
कल दिल्‍ली में होगी झारखंड कांग्रेस की पंचायत, डॉ अजय कुमार पर बड़ा फैसला संभव
कल दिल्‍ली में होगी झारखंड कांग्रेस की पंचायत, डॉ अजय कुमार पर बड़ा फैसला संभव

रांची, राज्य ब्यूरो। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने झारखंड कांग्रेस की पंचायत लगाने का फैसला किया है। महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने बीत दिन की मारपीट पर सभी नेताओं को दिल्ली तलब किया है। शनिवार को इस मसले पर राज्य के तमाम सीनियर नेताओं की मौजूदगी में कोई बड़ा फैसला सामने आ सकता है। कांग्रेस में पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद गुरुवार को तब सड़क पर आ गया। जब वर्चस्व की लड़ाई में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय के समर्थक आपस में भिड़ गए। यहां तू-तू, मैं-मैं, दोनों ओर से गुत्थमगुत्थी के बीच एक घंटे तक कांग्रेस मुख्यालय रणक्षेत्र में तब्दील रहा। दोनों गुटों के कार्यकर्ता बीच सड़क पर एक-दूसरे से उलझते रहे, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। इसमें दर्जनभर कांग्रेसी और मीडियाकर्मी घायल हो गए।

loksabha election banner

कांग्रेसियों में मारपीट के मामले को लेकर कांग्रेस महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को जो बैठक बुलाई है, उसमें कई वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया है। बैठक में प्रदेश प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार, पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय, रामेश्वर उरांव, राज्य में अलग-अलग समय में मंत्री रहे ददई दुबे, बन्ना गुप्ता, राजेंद्र सिंह, मोर्चा-संगठन के अध्यक्ष, सभी जोनल कोर्डिनेटर, आलमगीर आलम, मनोज यादव, फुरकान अंसारी, सुखदेव भगत, मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर आदि मौजूद रहेंगे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के भविष्य को लेकर फैसला होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

 

प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ अजय कुमार का हालिया विरोध
9 जून 2019 :  कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार का विरोध हुआ। लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार का ठीकरा प्रदेश नेतृत्व पर फोड़ते हुए विरोध करनेवालों ने डॉ. अजय गो बैक के नारे लगाए। विरोध के कारण प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश कार्यालय नहीं आए। 

29 जुलाई : कांग्रेस की बैठक में शामिल होने आए प्रदेश अध्यक्ष को विरोधी गुट के सदस्यों ने कार्यालय के भीतर जाने से रोका। काफी खींचतान और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वह भीतर जा सके। इस बीच विरोधी गुट ने डॉ. अजय का पुतला भी फूंका। महानगर कांग्रेस ने छह लोगों को पार्टी से निष्कासित किया। 

30 जुलाई : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने अपने विरोधी माने जाने वाले सुुबोधकांत सहाय गुट के दो नेताओं सुरेंद्र सिंह और राकेश सिन्हा को पार्टी से निष्कासित कर दिया। दोनों नेता डॉ. अजय कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए थे। 

1 अगस्त : निष्कासित नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस कर अध्यक्ष के निर्णय के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश की तो जमशेदपुर से आए प्रदेश अध्यक्ष के समर्थकों ने उन्हें रोका। दोनों ओर से एक घंटे तक सड़क पर जूतम पैजार हुई। पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.