कोरोना वायरस को लेकर झारखंड में भी अलर्ट
रांची राब्यू चीन में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस को देखते हुए झारखंड में भी अलर्ट जारी कर
रांची, राब्यू : चीन में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस को देखते हुए झारखंड में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे लेकर सभी जिलों के सिविल सर्जनों तथा संबंधित पदाधिकारियों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया है।
सभी जिलों को ई-मेल के माध्यम से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा भेजी गई एडवाइजरी, एसओपी तथा इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम के तहत तैयार रिपोर्टिग फॉरमेट को शेयर करते हुए जिला सर्विलांस टीम को नियमित रूप से रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। विभाग ने इस वायरस से पीड़ित मरीजों पर निगरानी रखने तथा संक्रमण की रोकथाम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का भी निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य सचिव ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक :
स्वास्थ्य सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने राज्य स्तरीय पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर हालात पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। इसके लिए राज्य सर्विलांस पदाधिकारी को राज्य नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। स्वास्थ्य सचिव ने स्टेट एपिडेमोलॉजिस्ट को हिदायत दी है कि वे राज्य के विभिन्न जिलों के सर्विलांस पदाधिकारी के अलावा भारत सरकार के केंद्रीय निगरानी इकाई के लगातार संपर्क में रहें। उन्होंने इस वायरस को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने का भी निर्देश दिया।
लोगों को ये एहतियात बरतने की सलाह :
- अपने साथ ताजा खाना रखें और बाहर खाना खाने से बचें।
- हाथ मिलाने से बचें। यदि जरूरी हो तो हाथ मिलाने के बाद साबुन से हाथ धोएं।
- छींक या खांसी आने की सूरत में मुंह को कवर कर लें।
- किसी भी ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें, जिसकी तबीयत ठीक नहीं है।
- जानवरों के नजदीक जाने से बचें। इसके अलावा रॉ मीट का सेवन करने से बचें।
- जानवरों के लिए बनाए गए फार्म, बूचड़खाने जाने से बचें।
- घर से बाहर निकलते समय मुंह पर मास्क का प्रयोग करें।