झारखंड में एनडीए को झटका, आजसू अकेले लड़ेगी विधानसभा चुनाव
Sudesh Mahto. झारखंड की रघुवर सरकार में शामिल आजसू पार्टी ने भाजपा को जोर का झटका देते हुए चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा की है।
रांची, राज्य ब्यूरो। सुदेश महतो की पार्टी आजसू का लगता है झारखंड की रघुवर सरकार से मोह भंग हो गया है। आजसू के केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहा है कि पार्टी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। जबकि लोकसभा चुनाव पर निर्णय इसी माह होने वाली संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा। ताजा हालात में झारखंड में भाजपा की सहयोगी आजसू एनडीए का साथ छोड़ सकती है। अभी आजसू पार्टी की ओर से रघुवर सरकार में चंद्रप्रकाश चौधरी बतौर मंत्री शामिल हैं।
इस साल के अंत में होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव पर देवशरण भगत ने कहा कि स्थायी सरकार के उद्देश्य को लेकर 2014 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने भाजपा के साथ गठबंधन किया था। पार्टी ने उस समय कुर्बानी दी थी। पार्टी ने इससे सीख लेकर अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय किया है।
इस साल के अंत में झारखंड में होगा विधानसभा चुनाव : चुनाव की बात करें तो गाहे-बगाहे भले ही लोकसभा के साथ ही प्रदेश में विधानसभा चुनाव कराने की बात होते रही हो, लेकिन कार्यकाल के हिसाब से झारखंड विधानसभा चुनाव दिसंबर में संभावित है। आजसू के केंद्रीय प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी अगले माह के अंतिम सप्ताह में रांची में स्वराज स्वाभिमान सभा आयोजित करेगी। जिसमें 5000 गांवों के लोग भाग लेंगे। पार्टी इसमें बड़ी घोषणा करेगी। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के उस बयान की कड़ी निंदा की जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस आजसू को महागठबंधन में शामिल नहीं करेगी। कहा, ऐसे आयातित नेता ही झारखंड को बर्बाद कर रहे हैं। उनके पास न तो राजनीतिक और न ही सामाजिक समझ है।