Ind vs Aus 3rd (Ranchi) ODI: क्रिकेट की दीवानगी हद से पार, चमकेंगे रांची के राजकुमार
Ind vs Aus 3rd (Ranchi) ODI महेंद्र सिंह धौनी के होमग्राउंड पर शुक्रवार को खेला जा रहा भारत-आस्ट्रेलिया तीसरा वनडे उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच हाेगा।
रांची, [जागरण स्पेशल]। भारी उत्साह। गली-कूचे में खलबली। छोटे-छोटे झुंड की हंसी-ठिठोली। हर चौराहे पर जमघट। बात हो रही है अपना माही मारेगा...इनके सिर चढ़कर बोल रहा है धौनी का जादू। जिक्र हो रहा है रांची के जेएससीए स्टेडियम में हो रहे भारत-आस्ट्रेलिया क्रिकेट मैच की। एमएस धौनी, द अनटोल्ड स्टोरी फिल्म का सीन अगर आपको याद हो तो उसमें एक बच्चा दौड़ते हुए सबको खबर करता है, माही मार रहा है... माही मार रहा है। महेंद्र सिंह धौनी की बल्लेबाजी का क्रेज यही है। वह भी उस शहर में जहां की मिट्टी में उनका जीवन रचा-बसा हो। रोमांच और दीवानगी की साक्षी बन रही रांची में बच्चा-बूढ़ा सबके जबान पर बस माही का नाम है।
माही जब गली क्रिकेट खेलते थे...
माही जब गली क्रिकेट खेलते थे तभी से उनके लंबे छक्के के सभी मुरीद थे, खूब भीड़ जुटती थी। शुक्रवार को एक बार फिर भारत आस्ट्रेलिया के बीच होने वाले तीसरे वनडे में उनका वही मिजाज देखने क्रिकेटप्रेमी और धौनी फैंस पहुंच रहे हैं। भीड़ धीरे-धीरे मुख्य सड़क से होकर धुर्वा के जेएससीए स्टेडियम की ओर कूच कर रही है। हाथों में माही के नाम की तख्तियां भी हैं। चमकेगा रांची का राजकुमार।
धौनी खेलेंगे होम ग्राउंड पर आखिरी मैच
धौनी ने रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में कुल तीन एकदिवसीय मैच खेले हैं, जिसमें भारत ने एक में जीत हासिल की है, एक में हार और तीसरे मैच को बारिश ने धोया था। निजी तौर पर धौनी ने रांची में केवल दो बार बल्लेबाजी की है जिसमें उन्होंने 10 नाबाद (2013 के 23 अक्टूबर को इंग्लैंड) और 11 (2016 के 26 अक्टूबर को बनाम न्यूजीलैंड) स्कोर बनाया है। अपने घरेलू मैदान पर विकेट कीपिंग के मामले में धौनी के नाम पर तीन कैच और स्टंपिंग हैं। हालांकि उत्साह के बीच खेल प्रेमियों को यह बात खल भी रही है कि रांची के राजकुमार को अब वे होम ग्राउंड पर अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलते नहीं देख पाएंगे।
जानकारी मिली है बस थोड़ी देर में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें जेएससीए स्टेडियम के लिए ब्ल्यू रेडिशन होटल से निकलेंगे। भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के पहले दो मैचों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज करके मेहमान टीम पर 2-0 की बढ़त बनाई हुई है। अब दोनों देशों के बीच तीसरा वनडे मैच पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के शहर रांची में खेला जा रहा है और इसके लिए टीम इंडिया के चहेते बेसब्र हो रहे हैं।
भारत ने अब तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दोनों वनडे में जीत दर्ज की थी। अब रांची में होने वाले मुकाबले को अगर टीम इंडिया जीत लेती है तो वो सीरीज में अपराजेय बढ़त हासिल कर लेगी। धौनी ने नागपुर वनडे में अच्छी बल्लेबाजी नहीं की थी लेकिन उनके घरेलू फैंस यही उम्मीद कर रहे हैं कि वो रांची में अच्छी बल्लेबाजी करके टीम को जीत दिलाएं साथ ही साथ उनका भी खूब मनोरंजन करें।
रांची की बात करें तो यहां पर भारत ने अपना आखिरी मुकाबला न्यूजीलैंड के विरुद्ध खेला था। भारत व न्यूजीलैंड के बीच ये मैच 26 अक्टूबर 2016 को खेला गया था। इस मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। इसमें महेंद्र सिंह धौनी ने महज 10 रन बनाए थे।