सस्ता प्याज बेचना पड़ा महंगा, नैफेड के अफसरों पर हो सकती है कार्रवाई
नैफेड द्वारा सस्ती दर पर प्याज बेचने पर उनके पदाधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है। चुनाव आयोग ने कहा कि नैफेड ने उनसे कोई अनुमति नहीं ली थी।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने नैफेड द्वारा रांची में सस्ती दर पर प्याज की बिक्री को आचार संहिता का उल्लंघन माना है। उन्होंने कहा है कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल इसकी जांच की गई। इसमें प्रथम दृष्टया आचार संहिता का उल्लंघन लगता है, क्योंकि इसके लिए न तो भारत निर्वाचन आयोग और न ही उनसे ही कोई अनुमति ली गई।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर रांची के निर्वाची पदाधिकारी द्वारा बुधवार को जब नैफेड के पदाधिकारियों से प्याज बिक्री की चुनाव आयोग से अनुमति का दस्तावेज मांगा गया तो वे दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाए। इसकी जानकारी मिलने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इसे लेकर रांची के निर्वाची पदाधिकारी को नैफेड से शो-कॉज मांगने का निर्देश दिया है। नैफेड के पदाधिकारियों का जवाब आने के बाद उसकी समीक्षा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जाता है कि आयोग दो बिंदुओं पर इसकी जांच कर रहा है। पहला, सस्ती दर पर प्याज बेचने के लिए अनुमति ली गई या नहीं और दूसरा प्याज बिक्री के लिए इतनी भीड़ कैसे इकट्ठा की गई जबकि राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है।