डबल मर्डर का फरार आरोपित गया जेल
रांची रिम्स के मेडिसीन आइसीयू से इलाज के दौरान फरार हुआ डबल मर्डर के आरोपित को जेल भेज दिया गया। उसे कल ही चुटिया से पकड़ा गया था।
जागरण संवाददाता, रांची : रिम्स के मेडिसीन आइसीयू से इलाज के दौरान फरार हुआ डबल मर्डर का आरोपित आशीष घोष जेल भेज दिया गया है। उसे गुरुवार की शाम चुटिया पावर हाउस चौक के पास से दबोचा गया था। पुलिस मान रही है कि आंशिक रूप से आशीष घोष की दीमागी हालत बिगड़ चुकी है। पकड़े जाने के बाद आशीष ने कहा कि उसे ड्यूटी के लिए नगर निगम जाना है। वह निगम में पहले काम करता था। पुलिस को जानकारी मिली है कि वह अलग-अलग दोस्तों के पास जाकर रहता था। हथकड़ी को एक दोस्त के पास ही जाकर हेक्सा ब्लेड से काट लिया था। उसे जानने वाले एक परिचित की सूचना पर ही पुलिस उसे पकड़ सकी। आशीष घोष हिल व्यू रोड स्थित किंगलैंड स्कूल की संचालिका सह भाजपा नेत्री आरती कुमारी (45) और बेटे रितेश कुमार(10) की हत्या के आरोप में जेल गया था। जेल में चक्कर आने की वजह से उसे रिम्स में भर्ती कराया गया था। जहां से बीते 18 अक्टूबर को वह खिड़की से कूदकर भाग निकला था।
सस्पेंड किए गए थे पुलिसकर्मी : कैदी के भागने के बाद हवलदार विद्यानंद सिंह और सिपाही रामराज सिंह को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया था। कैदी की सुरक्षा में तैनात रहने के दौरान हवलदार विद्यानंद सिंह और सिपाही रामराज सिंह अलग-अलग जगह थे। रामराज चाय पीने निकला था, जबकि दूसरा हवलदार विद्यानंद डॉक्टर से कैदी आशीष के बारे में जानकारी लेने गया था।
आशीष ही था लूट का मास्टरमाइंड : 13 जुलाई 2018 को हुई मा-बेटे हत्या से पूर्व अपराधी आशीष घोष ने दोस्तों संग लूटपाट करने का प्लान बनाया था। वह दोस्तों संग पूरी बात शेयर किया था कि महिला अकेले बेटे के साथ रहती है। लूटपाट की योजना बनाने के बाद दोस्त राहुल को नौकरी के बहाने स्कूल संचालिका आरती कुमार के घर भेजा था। आशीष पड़ोस के रहने वाला है, इसलिए वह घर के बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहा था। घर के अंदर प्रवेश किए चारों अपराधी लूटपाट करने लगे थे। जिसका महिला ने विरोध किया। इस पर गुस्से में अपराधी ने महिला और बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए अपराधी ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरा का डीबीआर बॉक्स अपने साथ ले गए थे। गिरफ्तार अपराधियों में मास्टर माइंड राहुल कुमार, आशीष घोष और राजेश कुमार भगत उर्फ गुड्डू शामिल था।