एसीबी ने नौवें महीने में लगाया घूसखारों को पकड़ने का शतक
रांची : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने इस वर्ष राज्य के भ्रष्ट अफसरों, कर्मियों व जनता के
रांची : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने इस वर्ष राज्य के भ्रष्ट अफसरों, कर्मियों व जनता के सेवकों पर लगाम कसने में गिरफ्तारियों का शतक पूरा कर लिया है। 13 सितंबर को ही एसीबी ने इस वर्ष का 100वां ट्रैप कर यह उपलब्धि हासिल की है। यह पिछले दस साल में अबतक का सर्वाधिक बेहतर रिकार्ड है।
एसीबी के डीआइजी निरंजन प्रसाद, एसपी मनोज सिंह व असीम विक्रांत मिंज ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में इसका खुलासा किया। अधिकारियों ने बताया कि दस साल में सर्वाधिक ट्रैप वर्ष 2016 में था, जिसकी संख्या 88 थी। इस वर्ष 13 सितंबर तक ही आंकड़ा 100 हो गया है। वर्ष 2015 में राज्य में एसीबी के छह प्रमंडल खुलने से भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसने में सहूलियत हो रही है। शिकायतें भी मिल रही हैं, जिसके अनुसार आगे की कार्रवाई हो रही है। यह संख्या अभी तेजी से बढ़ेगी।
अधिकारियों ने बताया कि एसीबी न सिर्फ ट्रैप तक ही सीमित है, बल्कि दोषियों को सजा दिलाने, कांडों को शीघ्र निष्पादित करने में भी बहुत हद तक बेहतर कोशिश की है, जिसका परिणाम भी सामने आ रहा है।
किस वर्ष कितने कांड
वर्ष अंकित निष्पादित
2007 : 15 19
2008 : 24 23
2009 : 16 20
2010 : 43 37
2011 : 13 18
2012 : 29 26
2013 : 26 30
2014 : 31 29
2015 : 54 44
2016 : 88 79
2017 : 100 85
नोट : इस वर्ष का आंकड़ा 13 सितंबर तक का है, जबकि पूर्व के आंकड़े पूरे साल के हैं।
किस प्रमंडल में कितने ट्रैप
रांची : 13, पलामू : 16, जमशेदपुर : 15, धनबाद : 20, दुमका : 08 व हजारीबाग में 28 ट्रैप।
किस विभाग से कितने आरोपी
भूमि सुधार व राजस्व विभाग (30), ग्रामीण विकास विभाग (26), नगर निगम/पंचायती राज्य विभाग (10), पुलिस विभाग (9), शिक्षा विभाग (3), कार्मिक प्रशासनिक सुधार व राजभाषा विभाग (3), स्वास्थ्य विभाग (3), प्रदूषण विभाग (2), वित्त विभाग (1), विधि विभाग (2), लघु सिंचाई विभाग (एक), विद्युत विभाग (3), परिवहन विभाग (1), पथ निर्माण विभाग (1), जल संसाधन विभाग (3), मानव संसाधन विभाग (4), पशुपालन व मत्सय विभाग (3), कृषि विभाग (1), वन विभाग (2) व निजी सहयोगी (दो)।
इस वर्ष पांच बड़े ट्रैप के मामले
-हजारीबाग में 27 जून को वन विभाग के पूर्वी वन प्रमंडल में सहायक वन संरक्षक प्रमोद कुमार अग्रवाल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया।
-12 जनवरी को पश्चिम सिंहभूम चाईबासा के जिला नीलामी शाखा के पेशकार उत्पल गोपालन को रिश्वत के 40 हजार रुपये के साथ पकड़ा गया।
- 24 अगस्त को सरायकेला-खरसांवा में स्वास्थ्य विभाग के नीमडीह थाना क्षेत्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ज्योति स्नेहलता मरांडी व प्रधान लिपिक अनिल कुमार मुखी को रिश्वत के 40 हजार रुपये के साथ पकड़ा गया।
- 24 जुलाई को गढ़वा के उग्र परियोजना केंद्र नगर उटारी में रेशम तसर विभाग में लेखापाल सह लिपिक के पद पर कार्यरत अशोक कुमार को रिश्वत के 30 हजार रुपये के साथ पकड़ा गया।
- 30 मार्च को सिंहभूम सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक चाईबासा के प्रबंधक संतोष साहू, कर्मी सुभाष कुमार व जयेश चावड़ा को रिश्वत के 25 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया।