चुनाव में मिली अप्रत्याशित जीत पर अभाविप ने निकाला विजय जुलूस
रांची विवि के छात्र संघ चुनाव में 42 वर्षो में पहली बार पांचों सीटों पर अभाविप ने कब्जा जमा लिया। इस अवसर पर अभाविप के सभी पांचों प्रत्याशियों ने जुलूस निकाला।
जागरण संवाददाता, रांची : रांची विवि के छात्र संघ चुनाव में 42 वर्षो में पहली बार पांचों सीटों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को मिली जीत से कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। परिषद के अधिकारियों के साथ-साथ विचार परिवार के लोग भी काफी खुश हैं। अभाविप के लोगों की खुशी शुक्रवार को उस समय देखने को मिली जब विजय जुलूस में शामिल सभी लोगों द्वारा लगाए जा रहे नारे से आसपास का इलाका गुंजायमान हो रहा था।
जीते हुए पांचों छात्र प्रतिनिधियों के नेतृत्व में विजय जुलूस मोरहाबादी के मान्या पैलेस से निकल कर कचहरी होते हुए अलबर्ट एक्का चौक तक पहुंचा। जुलूस में कार्यकर्ताओं ने तासा पार्टी की धुन पर जमकर डांस किया। भारत माता की जय, वंदे मातरम के भी खूब नारे लगे। सभी के हाथों में तिरंगा एवं परिषद के झडे व सिर पर भगवा पगड़ी बंधा था। अलबर्ट एक्का चौक पहुंचकर जमकर आतिशबाजी भी की। जो वादे किए उसे पूरा करेंगे : याज्ञवल्क्य
विवि अध्यक्ष नेहा मार्डी ने जीत का श्रेय परिषद के कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं गुरुजनों को दिया। प्रदेश संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जो वादे किए गए थे उसे पूरा करेंगे। विवि में अभी तक गठबंधन पर छात्र संगठन का गठन होता था इससे काम करने में समस्या होती थी। हमारा पहला लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्र के कॉलेजों की स्थिति को दुरुस्त करना है। कॉलेजों में शैक्षणिक वातावरण सुधारने का काम किया जाएगा। जुलूस में प्रदेश मंत्री रौशन सिंह, संजय महतो, गोपाल कृष्ण, दीपेश, धमर्ेंद्र, मोनू शुक्ल, नीतीश भारद्वाज, विनय, अनुराधा, गुड़िया, प्रतीक्षा, भागवत, राजेश ठाकुर, पंकज कुमार, सर्वेश, गणेश, मुक्ता, विशाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता थे।