पांच दिवसीय लोक मंथन में शामिल होंगे 1200 मेहमान
रांची : 26 से 30 सितंबर तक रांची के खेलगांव में प्रस्तावित लोक मंथन कार्यक्रम की तैयारियों का
रांची : 26 से 30 सितंबर तक रांची के खेलगांव में प्रस्तावित लोक मंथन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सरकार रेस है। शनिवार को मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी ने राज्य के आला अफसरों के साथ इस मसले पर बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम में शिरकत करने वाले 1200 मेहमानों को केंद्र में रखकर इसकी तैयारियां इस स्तर पर करने की नसीहत दी है कि आगंतुक यहां से सुखद अनुभूति लेकर लौटे। मंथन की शुरुआत राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू करेंगी, जबकि उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू 27 सितंबर को इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्य सचिव ने लोक मंथन की सफलता के लिए प्रबंधन समिति गठित करने तथा हर शाम कार्यक्रम की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस दौरान सुरक्षा पूरी तरह से चाकचौबंद हो। आगंतुकों की अगवानी से लेकर उनके ठहरने, खाने, आने-जाने आदि का पुख्ता कार्यक्रम तैयार किया जाए। मेहमानों के बीच एक पंपलेट भी बांटा जाए, जिसमें सारी जानकारियां समाहित हो। पंपलेट पर संबंधित अफसर का फोन नंबर भी अंकित हो, ताकि जरूरत पड़ने पर मेहमान उनसे तत्काल संपर्क स्थापित कर सके। अधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में कोई कसर नहीं रहने देने की ताकीद की है। कहा गया है कि कार्यक्रम में शामिल हो रहे मेहमान झारखंड से सुखद यादें लेकर वापस जाएं।
मशहूर नृत्यांगना सोनल मानसिंह समेत विभिन्न राज्यों के कई नामवर कलाकार इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। गृह विभाग के प्रधान सचिव एसकेजी रहाटे, पर्यटन सचिव मनीष रंजन, रांची के उपायुक्त, वरीय आरक्षी अधीक्षक समेत अन्य विभागों के पदाधिकारियों ने बैठक में उपस्थित थे।
-----