B.Ed संस्थानों में 85% सीटें झारखंड के छात्र-छात्राओं के लिए आरक्षित, 15 से करें आवेदन
Jharkhand. ऑनलाइन आवेदन 31 मार्च तक भरे जाएंगे। प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड होगी। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य के सरकारी तथा निजी बीएड संस्थानों की कुल सीटों में 85 फीसद सीटें झारखंड के विश्वविद्यालयों से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी। 15 फीसद सीटें खुली रहेंगी, जिनमें नामांकन दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों का भी हो सकता है। उच्च, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास की अनुशंसा पर झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पर्षद ने प्रवेश परीक्षा के लिए योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। ऑनलाइन आवेदन 15 फरवरी से 31 मार्च तक भरे जाएंगे। प्रवेश परीक्षा मई के प्रथम सप्ताह में कंप्यूटर बेस्ड होगी। इसमें 100 अंकों के वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। 30 प्रश्न भाषा, 40 प्रश्न टीचिंग एटीट्यूड तथा 30 प्रश्न रीजनिंग से पूछे जाएंगे। बताते चलें कि पिछले वर्ष भी बीएड संस्थानों में नामांकन झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद के माध्यम से हुआ था। उस समय निजी विश्वविद्यालयों ने इसका विरोध किया था।
रक्षा विवि में रजिस्ट्रार नियुक्ति के लिए साक्षात्कार सात को
झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार नियुक्ति के लिए साक्षात्कार सात फरवरी को होगा। झारखंड लोक सेवा आयोग ने इसकी तिथि तय कर दी है। इससे पहले छह फरवरी को अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए बुलाया गया है। आयोग ने इस पद पर नियुक्ति के लिए 19 अभ्यर्थियों को बुलाया है। वहीं, दस अभ्यर्थियों को अयोग्य करार देते हुए उनके आवेदन रद कर दिए हैं। अभ्यर्थी प्रमाणपत्रों की जांच तथा साक्षात्कार में शामिल होने के लिए ई-कॉल लेटर आयोग की वेबसाइट से अपना रजिस्ट्रेशन नंबर तथा जन्म तिथि अपलोड कर डाउनलोड कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Budget 2020: सुधरेगी झारखंड की स्वास्थ्य सेवा, आकांक्षी जिलों में खोले जाएंगे अस्पताल