ऐतिहासिक होगा इस बार का श्रावणी मेला, खर्च होंगे 65 करोड़ 93 लाख रुपये Ranchi News
Jharkhand. देवघर व दुमका के प्रसिद्ध श्रावणी मेले को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है। कुंभ मेले की तर्ज पर इस मेले को भी ऐतिहासिक बनाने के लिए सरकार ने कमर कस ली है।
रांची, [दिलीप कुमार]। देवघर व दुमका के प्रसिद्ध श्रावणी मेले को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश के कुंभ मेले की तर्ज पर झारखंड के इस मेले को भी ऐतिहासिक बनाने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। लगातार बैठकें हो रही है और प्लान भी बन रहा है। इसी क्रम में श्रावणी मेले की व्यवस्था के मद में 65 करोड़ 93 लाख तीन हजार रुपये खर्च करने की स्वीकृति भी सरकार से मिल गई है।
यह राशि कांवरिया पथ, बिजली, पीने का पानी, स्वास्थ्य, पुलिसिंग व विधि-व्यवस्था पर खर्च होगी। 21 अस्थायी थाने व 11 यातायात ओपी बन रहे हैं। इसके प्रमुख डीएसपी स्तर के पदाधिकारी होंगे। रैपिड एक्शन फोर्स, राष्ट्रीय आपदा राहत बल, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड, श्वान दस्ता तो तैनात होगा ही, ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे से पूरे मेले की निगरानी की जाएगी।
संदिग्धों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में पुलिस व खुफिया एजेंसी तैनात होगी। आतंकवाद निरोधक दस्ता भी मेले पर अपनी नजर रखेगा। मेले की ब्रांडिंग भी होगी। मुख्यमंत्री के आदेश पर इस मेले के प्रसाद को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
किस मद में कितनी राशि होगी खर्च
- शहरी विकास विभाग से नगर निगम देवघर को : पांच करोड़, 79 लाख, 86 हजार रुपये।
- सड़क निर्माण विभाग देवघर को : 41 करोड़, दो लाख रुपये।
- सूचना एवं जन संपर्क विभाग को : एक करोड़, आठ लाख 14 हजार रुपये।
- झारखंड पर्यटन विकास निगम को : एक करोड़, 80 लाख 75 हजार रुपये।
- स्वास्थ्य विभाग को : एक करोड़, 62 लाख रुपये।
- गृह विभाग से पुलिस मुख्यालय डीसी, एसपी देवघर व दुमका के लिए : एक करोड़ 59 लाख रुपये।
- भवन विभाग देवघर को : 58 लाख 50 हजार रुपये।
- पेयजल एवं स्वच्छता विभाग देवघर व दुमका को : एक करोड़, 90 लाख 86 हजार रुपये।
- बिजली आपूर्ति विभाग देवघर व दुमका को : चार करोड़, 99 लाख 92 हजार रुपये।
- जिला नजारत विभाग देवघर को : पांच करोड, 52 लाख रुपये।
मेले में 2500 से अधिक अतिरिक्त बल तैनात होंगे
रैपिड एक्शन फोर्स (चार कंपनी), राष्ट्रीय आपदा राहत बल (दो कंपनी), असाल्ट ग्रुप (दो ग्रुप), बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड (चार टीम), श्वान दस्ता (दो दस्ता), अश्रु गैस दस्ता (दो दस्ता), आतंकवाद निरोधक दस्ता (तीन टीम) व गृह रक्षक (1400 जवान)।
21 अस्थायी थाना (ओपी) बनेंगे, प्रत्येक के लिए डीएसपी होंगे प्रभारी
दुम्मा, सोमनाथ भवन, सरासनी, खिजुरिया डीएवी विद्यालय, हिंदी विद्यापीठ, शिवगंगा, बाबा मंदिर, क्यू कांप्लेक्स, मानसरोवर, जलसार, बीएड कॉलेज, बरमसिया, कुमुदिनी घोष रोड, नंदन पहाड़, नंदन पहाड़ सर्किल, सिंघवा, रेलवे ओवरब्रिज के पास सिंघवा वाटर फिल्टर प्लांट के आगे, चमारीडीह ग्राम, कुमैठा, बेलाबागान व त्रिकुट पहाड़।
11 अस्थायी यातायात ओपी भी बनेंगे, प्रत्येक के प्रभारी होंगे डीएसपी
बाघमारा, चौपा मोड़, घोरमारा, हथगढ़, सत्संग, पुराना बस स्टैंड, आर मित्रा स्कूल, रिखिया, दर्दमारा, रोहिणी व चौधरीडीह।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप