झारखंड में मध्यस्थता के जरिये सुलझाए गए 422 पारिवारिक विवाद Ranchi News
Jharkhand. सभी जिलों में यह अभियान चलाया गया। नवंबर तक 11060 पारिवारिक मामले लंबित। 16 और 17 दिसंबर को भी अभियान चलेगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य के 24 जिलों में मध्यस्थता के जरिये पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए तीन दिवसीय अभियान चलाया गया। इस दौरान पूरे राज्य से 1,419 मामलों को मध्यस्थता के जरिए सुलझाने का लक्ष्य रखा गया था, इसमें से 422 परिवारिक विवादों का निपटारा कर दिया गया। दरअसल, वर्ष 2016 से झारखंड हाई कोर्ट कुटुंब न्यायालय समिति पारिवारिक विवादों के निपटारे के लिए मध्यस्थता अभियान चला रही है।
कुटुंब न्यायालय अधिनियम 1984 के तहत सभी जिलों में कुटुंब न्यायालय की स्थापना की गई है। इस एक्ट में यह व्यवस्था दी गई है कि पारिवारिक विवाद को मध्यस्थता के जरिए निष्पादन करने का हर संभव प्रयास करना होगा। राज्य में सभी जिलों में नवंबर 2019 तक 11,060 पारिवारिक मामले लंबित हैैं। इसमें अभियान के जरिए 422 मामलों का निपटारा कर दिया गया है।
बता दें कि झारखंड में मध्यस्थता के जरिए मामलों को सुलझाने की दर 55 फीसद से ज्यादा है। लेकिन, रांची और जमशेदपुर में सफलता दर 70 फीसद से अधिक है। हाई कोर्ट कुटुंब न्यायालय समिति की ओर से जनता से अपील की गई है कि जिनके पारिवारिक मामले में अदालतों में लंबित हैैं, उसे मध्यस्थता के जरिए सुलझाने के लिए इस अभियान में शामिल करा सकते हैैं। यह अभियान 16 और 17 दिसंबर को भी चलेगा।