Jharkhand Accident News: रांची में बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 4 युवकों की मौत; कार के परखच्चे उड़े
Jharkhand Accident News सड़क हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। उसमें बैठे चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चिकित्सक बनने का सपना संजोने वाली प्रियम सिंह भी शामिल है।
रांची, जासं। Jharkhand Road Accident बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में मेडिकल में नामांकन कराने जा रहे सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर के मांझीटोला निवासी चार लोगों की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। सभी एक ही परिवार के थे। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे एनएच 33 पर ईचागढ़ के पास नागरसाई छोटू होटल के पास खड़े ट्रक से उनकी कार टकरा गई। मृतकों में टाटा स्टील कर्मी प्रभात कुमार की 40 वर्षीय पत्नी ममता रानी, 22 वर्षीय पुत्री प्रियम सिंह उर्फ मधु, 20 वर्षीय पुत्र परमीत कुमार उर्फ अमन व उसका साला अभय कुमार शामिल हैं। हादसे में परिवार के पांच अन्य लोग घायल भी हुए हैं। सभी दूसरी कार में सवार थे। घायलों को पुलिस ने जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया गया कि प्रभात कुमार अपने साला अभय कुमार की कार और एक अन्य कार से बीएचयू में अपनी पुत्री प्रियम सिंह का मेडिकल में नामांकन कराने के लिए घर से निकले थे। इसी बीच उनकी कार ईचागढ़ के पास छोटू होटल के समीप खड़ी ट्रक से टकरा गई। यह हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। उसमें बैठे चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चिकित्सक बनने का सपना संजोने वाली प्रियम सिंह भी शामिल है।
बताया जा रहा कि प्रभात कुमार, मृतक अभय कुमार के पिता डीके सिंह, मां मंजू रानी, पत्नी कविता सिंह और पांच साल की बेटी टुकी दूसरी कार में सवार थे। हादसे के बाद उनकी कार भी पीछे से टकरा गई। सभी घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया है। सभी खतरे से बाहर हैं। पुलिस के अनुसार, शवों का पोस्टमार्टम सरायकेला सदर अस्पताल में कर स्वजन को सौंप दिया जाएगा। उधर, इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। सुनते ही लोग हाल जानने के लिए घर के बाहर जमा होने लगे। मोहल्ले के लोगों की आंखें नम दिखीं।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची इचागढ़ पुलिस ने कार को काटकर सभी शवों को बाहर निकाला। मृतक आदित्यपुर के मांझी टोला के रहने वाले हैं। मृतकों में ममता, मधु, अमन और अवध किशोर हैं। आदित्यपुर के मांझी टोला के रहने वाले प्रभात टाटा स्टील में मैनेजर हैं। प्रभात कुमार ने बताया कि मृतक अवध किशोर उनके ममेरे साले हैं। प्रभात कुमार की कार पीछे थी। उसके आगे अवध कुमार की कार चल रही थी। गाड़ी अमन चला रहा था। छोटू होटल के पास एक ट्रक खड़ी थी। इसी में कार ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना में एक बच्चा घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।