चतरा के मयूरहंड में घर की दीवार गिरने से 2 बच्चों समेत 4 लोग घायल Chatra News
Jharkhand. दीवार गिरने की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और पीडि़त परिवार को मलबे से बाहर किया। उसके बाद 108 एंबुलेंस से उन्हें उपचार के लिए इटखोरी भेजा गया।
मयूरहंड (चतरा), जासं। चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र के झरदाग गांव में घर की दीवार गिरने से परिवार के चार सदस्य जख्मी हो गए हैं। घायलों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए इटखोरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार मुनेश पांडेय और रामजीवन पांडेय का घर एक दूसरे से सटा हुआ है। मंगलवार की रात रामजीवन पांडेय का जर्जर दीवार मुनेश पांडेय के घर पर गिर गया। उस वक्त परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे।
दीवार गिरने से मुनेश पांडेय, उनकी पत्नी रूपा देवी, पुत्री प्रियांशु कुमारी व पुत्र सुधांशु कुमार जख्मी हो गए। पति-पत्नी और बच्चे दीवार से दब गए थे। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और पीडि़त परिवार को मलबे से बाहर किया। उसके बाद 108 एंबुलेंस के जरिये उन्हें उपचार के लिए इटखोरी भेजा गया।
बताते चलें कि राम जीवन पांडेय के घर की दीवार मिट्टी व ईंट से बनी हुई है। इसमें दरार पड़ गई थी। मंगलवार देर रात दरार पड़ी दीवार मुनेश पांडेय के चारदीवारी पर गिर गयी। खबर लिखे जाने तक सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया भोला प्रसाद सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकार से हरसंभव मदद दिलाने की बात कही। इस मौके पर समाज सेवी जयंत भगत भी उपस्थित थे।