LIVE Coronavirus Ranchi: रांची में मिले 3 नए पॉजिटिव, 4 कोरोना मरीज हुए स्वस्थ
LIVE Coronavirus Ranchi. राजधानी में अब 44 कोरोना मरीज एक्टिव हैं। उनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
रांची, जेएनएन। LIVE Coronavirus Ranchi News Updates रांची में शनिवार को कोरोना वायरस के तीन नए मरीज मिले हैं। साथ ही चार कोरोना मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। रांची के तीनों संक्रमित रिम्स में इलाज के लिए पहुंचे मरीज हैं। अब तक रांची में कोरोना के 155 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राजधानी में अब 44 कोरोना मरीज एक्टिव हैं। उनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। इधर, रांची के आठ इलाकों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया गया है। इसमें हिंदपीढ़ी का मोती मस्जिद, डुमरदगा का सैनिक कॉलोनी, सुखदेव नगर का इलाही नगर आदि। अब रांची में जिले में मात्र 15 माइक्रो कंटेनमेंट जोन बचे हैं।
रिम्स के ऑर्थो व आंकोलॉजी से मिले कोरोना संक्रमित
रांची से शनिवार को कोरोना के तीन पॉजिटिव मरीज मिले हैं। दो संक्रमित रिम्स के अलग-अलग वार्डों में भर्ती मरीज हैं जबकि एक अन्य पहले से ही आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। जानकारी के अनुसार संक्रमित मरीजों में एक कोकर का रहने वाला 65 वर्षीय वृद्ध है। दूसरा 55 वर्षीय रिम्स में कार्यरत रिटार्यड सैप का जवान है जो ऑर्थोपेडिक वार्ड में भर्ती था।
वहीं तीसरी महिला चान्हो की रहनेवाली है। पिछले तीन दिनों से रिम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती थी। रिम्स के वार्डो में भर्ती मरीजों के मिलने से ऑर्थोपेडिक व ऑकोलॉजी विभाग संक्रमित हो गया है। डॉ. एलबी माझी ने बताया कि मरीज को गठिया की समस्या थी। कहा कि प्रत्यक्ष या अत्यक्ष रूप से चिकित्सक समेत करीब 15 लोग उसके संपर्क में आए हैं। विभाग को रविवार को सैनिटाइज कराया जाएगा। पांच दिनों के बाद संपर्क में आए चिकित्सकों के सैंपल की जांच की जाएगी।
आंकोलॉजी से मिला मरीज छुट्टी लेकर चला गया जमशेदपुर के अस्पताल
इधर कैंसर विभाग में मिला संक्रमित मरीज की उम्र 65 वर्ष है। मरीज के ट्रीटमेंट के बाद शुक्रवार को उसकी छूट्टी कराकर परिजन उसे लेकर जमशेदपुर के अस्पताल में चले गए। मरीज को भर्ती करने के दौरान उसकी सैंपल जांच के लिए ली गई थी, जिसकी रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई है।