हजारीबाग को मिली ब्लड बैंक की सौगात, 30 लाख की लागत से होगा निर्माण
blood bank लगभग 30 लाख रूपए की लागत से ब्लड बैंक निर्माण कार्य आज से प्रारंभ किया जाएगा। इसे लेकर सारी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई है। बताते चलें कि इससे पूर्व मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहित दो निजी संस्थानों के द्वारा ब्लड बैंक का संचालन किया जा रहा है।
हजारीबाग, जागरण संवाददाता। रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला इकाई का अब अपना ब्लड बैंक होगा। यह जानकारी रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव तनवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि लगभग 30 लाख रूपए की लागत से ब्लड बैंक निर्माण कार्य आज से प्रारंभ किया जाएगा। इसे लेकर सारी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई है। बताते चलें कि इससे पूर्व मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहित दो निजी संस्थानों के द्वारा ब्लड बैंक का संचालन किया जा रहा है।
शहर में चौथे ब्लड बैंक की होगी स्थापना
सचिव तनवीर सिंह ने बताया ब्लड बैंक के निर्माण के लिए सदर विधायक मनीष जायसवाल के द्वारा पंद्रह लाख रुपये की राशि उप विकास आयुक्त को उपलब्ध कराई गई है। विधायक के द्वारा उपलब्ध कराई गई राशि के आलोक में सचिव तनवीर सिंह के द्वारा उप विकास आयुक्त को वांछित उपकरणों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। अब निविदा प्रक्रिया के उपरांत सभी उपकरणों की खरीददारी की जाएगी। साथ ही बताया कि 50 से अधिक प्रकार के छोट बडे उपकरणों की खरीददारी जानी है। जिसमें टेस्टिंग के लिए अत्याधुनिक एलीजा मशीन भी शामिल हैं। वहीं सभी कमरों के लिए फ्रीज आदि भी खरीदे जाएंगे।
बनाए जाएंगें छ: पूर्णत: वातानुकूलित कमरे
सचिव तनवीर सिंह ने बताया कि रेड क्रास भवन के जीर्णोद्धार सहित अन्य कार्य क्राउड फंडिंग के माध्यम से प्राप्त राशि से किया जाएगा। इस कार्य के लिए भी लगभग पंद्रह लाख रूपए खर्च होने का अनुमान है। वहीं बताया कि मुख्य हॉल में अल्युमिनियम सीट की सहायता छ: कमरों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही सभी कमरों में फ्लोर से लेकर वाल तक वासेबल टाइल्स लगाए जाएंगे। वहीं सभी कमरों में एसी भी लगाया जाएगा। साथ ही पूरे भवन का रंग रोगन से लेकर बाहर के पार्किंग स्थल में टाइल्स् लगाने की भी योजना है।