ओलिंपियन दीपिका व अतानु भारतीय तीरंदाजी टीम से बाहर, विश्व चैंपियनशिप में कोमोलिका व अंकिता लेंगी भाग
World Archery Championship Deepika Kumari अमेरिका में होने वाले विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए झारखंड की कोमोलिका व अंकिता भारतीय टीम में शामिल की गई हैं। चयन ट्रायल में टॉप तीन में आने वाले खिलाड़ियों का टीम में चयन किया गया है।
रांची, खेल संवाददाता। विश्व की नंबर एक महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी व उनके पति अतानु दास समेत टोक्यो ओलिंपिक में भाग लेने वाले सभी तीरंदाज विश्व चैंपियनशिप तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीम से बाहर हो गए हैं। सोनीपत में चार व पांच अगस्त को विश्व चैंपियनशिप के लिए आयोजित चयन शिविर में टोक्यो ओलिंपिक में भाग लेने वाले तीरंदाजों का प्रदर्शन युवा तीरंदाजों के समक्ष फीका रहा।
दीपिका कुमारी जहां चौथे स्थान पर रही, वहीं अतानु दास, प्रवीण जाधाव व तरुणदीप राय टॉप टेन में भी नहीं आ पाए। एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने वाली मधुमिता कुमारी भी टीम में जगह बनाने में विफल रही। विश्व चैंपियनशिप के लिए चयनित टीम में झारखंड की कोमोलिका बारी व अंकिता भक्त को शामिल किया गया है। चयन ट्रायल में टॉप तीन में आने वाले खिलाड़ियों का टीम में चयन किया गया है।
दीपिका समेत टोक्यो ओलिंपिक में भाग लेने वाले सभी स्टारों ने तीरंदाज ट्रायल में भाग लिया था। विश्व चैंपियनशिप में रिकर्व व कंपाउंड में तीन-तीन खिलाड़ी भाग लेंगे। ट्रायल के बाद पुरुष वर्ग में पंजाब के आदित्य चौधरी, महाराष्ट्र के पार्थ सालुंकर व एसएससीबी के अतुल वर्मा चोटी के तीन स्थानों पर रहे। जबकि महिला वर्ग में झारखंड की कोमोलिका बारी पहले व अंकिता भक्त दूसरे स्थान पर रही। हरियाणा की रिद्धि तीसरे स्थान पर रही।
बता दें कि दीपिका कुमारी, कोमोलिका बारी और अंकिता भक्त झारखंड की रहने वाली हैं। दीपिका ने एक माह पूर्व हुए विश्व कप तीरंदाजी प्रतियोगिता में एक ही दिन में तीन गोल्ड मेडल जीता था।