Jharkhand: मेडिकल कॉलेजों में 20 नवनियुक्त चिकित्सकों की नियुक्ति रद, जानें इसकी वजह
Jharkhand News Appointment Cancelled of 20 Doctors स्वास्थ्य विभाग ने इससे पहले इसी साल तीन मार्च को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 10 दिनों के अंदर योगदान नहीं करने पर नियुक्ति रद करने की चेतावनी चिकित्सकों को दी थी।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड सरकार ने झारखंड लोक सेवा आयोग से मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक पद पर नियुक्ति के लिए अनुशंसित चिकित्सकों में से 20 चिकित्सकों की नियुक्ति रद कर दी है। इन सभी द्वारा नियुक्ति के बाद योगदान नहीं देने के कारण नियुक्ति रद की गई। स्वास्थ्य विभाग ने इससे पहले इसी साल तीन मार्च को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 10 दिनों के अंदर योगदान नहीं करने पर नियुक्ति रद करने की चेतावनी चिकित्सकों को दी थी।
जिन चिकित्सकों की नियुक्ति रद हुई है, उनमें डाॅ. सोनिया नाथ, डाॅ. अनित कुमार, डाॅ. दुर्गाचरण बेसरा (सभी शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग), डाॅ. प्रमोद कुमार, डाॅ. मेरी सुनीता टोप्पाे, डाॅ. नेहा प्रिया, डाॅ. मो. सरफराज, डाॅ. जितेंद्र कुमार, डाॅ. मनीष कुमार मुंडा, डाॅ. गौरव विशाल, डाॅ. मोजामिल फिरोज, डाॅ. सरोजिनी मुर्मू, डाॅ. कृष्णा प्रताप, डाॅ. अमरेंद्र कुमार, डाॅ. अरविंद कुमार शर्मा (सभी फूलो झानो मेडिकल कॉलेज, दुमका), डाॅ. अनुपम कुमार राकेश, डाॅ. धीरज अभय कुमार, डाॅ. निरंजन कुमार, डाॅ. अमित कुमार (सभी मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज, पलामू), डाॅ. जियाउल हक अंसारी (शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग) शामिल हैं।
18 से 44 वर्ष के लिए पहुंची कोवैक्सीन की 15 हजार डोज
18 से 44 वर्ष के टीकाकरण के लिए कौवैक्सीन की 15 हजार डोज भारत बायोटेक कंपनी ने राज्य सरकार को भेजी है। वैक्सीन रांची पहुंचने के बाद जरूरत के अनुसार, सात जिलों को आवंटित कर दी गई है। इसके तहत रांची को चार हजार, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम को ढाई-ढाई हजार, बोकारो और हजारीबाग को दो-दो हजार तथा गिरिडीह और रामगढ़ को एक-एक हजार डोज वैक्सीन दी गई है। इधर, केंद्र के निर्देश पर दिव्यांगों के टीकाकरण में फोटो पहचान पत्र के रूप में यूनिक डिजाबिलिटी आइडेंटिफिकेशन (यूडीआइडी) को मान्यता दे दी गई है। कोई भी दिव्यांग इसे दिखाकर टीका ले सकते हैं।