BJP विधायकों के भगवा वस्त्र पर आदिवासी विकास समिति ने कहा- झारखंडी संस्कृति पर हो रहा आक्रमण
भाजपा विधायकों का भगवा वस्त्र पहनकर विधानसभा जाने का झारखंड आदिवासी विकास समिति ने निंदा किया है। चुटिया के इंदिरा चौक स्थित केंद्रीय कार्यालय में कार्यसमिति की बैठक में सदस्यों ने इसे झारखंडी संस्कृति पर आक्रमण करार दिया है।
रांची, जासं । भाजपा विधायकों का भगवा वस्त्र पहनकर विधानसभा जाने का झारखंड आदिवासी विकास समिति ने निंदा किया है। चुटिया के इंदिरा चौक स्थित केंद्रीय कार्यालय में कार्यसमिति की बैठक में सदस्यों ने इसे झारखंडी संस्कृति पर आक्रमण करार दिया है। अध्यक्ष प्रभाकर नाग ने कहा कि जनजातीय समुदाय के विभिन्न ऐतिहासिक धरोहरों पर आदिवासी विरोधी संगठनों द्वारा धार्मिक-सांस्कृतिक आक्रमण किया जा रहा है। इसकी जितनी भी निंदा की जाये कम है। भाजपा विधायकों ने सदन में झारखंडी परंपरा का उपहास उड़ाते हुए भगवाकरण करने की कोशिश की।
वहीं, समिति ने राज्य सरकार से सूतियांबेगढ़ सहित आदिवासी संस्कृति से जुड़े अन्य ऐतिहासिक धरोहरों को पर्यटन स्थल के रूप में विकशित करने की मांग की। बैठक में सर्वसम्मति से पद्मश्री डॉ रामदयाल मुंडा एवं महाराज मदरा मुंडा की प्रतिमा निर्माण कर यथोचित स्थान पर लगाने का प्रस्ताव पास किया गया। साथ ही, चुटिया नागपुर जो कालांतर में छोटानागपुर हो गया उसकी स्मृति में बहु बाजार चौक में प्रवेश द्वार एवं पुराने नामकुम थाना के पास भव्य निकास द्वार बनाने पर सहमति बनी।
उक्त मांगों को लेकर 10 मार्च को राजभवन के समीप एक दिवसीय धरना देने का निर्णय लिया गया। बैठक में आदिवासी विकास समिति के कार्यकारी अध्यक्ष जगन लिंडा , केंद्रीय उपाध्यक्ष सह संगठन प्रभारी क्रिस्टो कुजूर , केंद्रीय उपाध्यक्ष सह संगठन प्रभारी प्रवीण कच्छप , रांची जिला उपाध्यक्ष पतरस तिर्की , कोर कमेटी सदस्य अजय ओड़ेया , अनूप खलखो , बिरसा टोप्पो , सुरेश कच्छप , मंगल उरांव , जगलाल मुंडा , बसंत उरांव , दसवा उरांव रामा लोहरा एवं वार्ड नंबर 12 के पार्षद कुलभूषण डूंगडूंग शामिल थे ।