Indian Railway: राज्य सरकार पैसा दे तभी रेलवे बनाएगा पुंदाग में अंडर पास, सांसद को रेल अधिकारियों ने दिया जवाब
Indian Railway सांसद संजय सेठ ने पुंदाग में रेलवे अंडर पास बनाने के लिए रेल अधिकारियों से बात की। रेलवे के अधिकारियों ने सांसद को बताया कि पुंदाग में रेलवे अंडर पास नहीं बना सकता। राज्य सरकार पैसा दे तभी पुंदाग में रेलवे अंडर पास बनाया जा सकेगा।
रांची, जासं। पुंदाग में रेलवे अंडर पास बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। लोगों ने सांसद संजय सेठ से मिलकर पुंदाग में रेलवे अंडर पास बनाने की मांग की। इसके बाद सांसद संजय सेठ ने पुंदाग में अंडरपास बनाने के लिए रेलवे के अधिकारियों से बात की। रेलवे के अधिकारियों ने सांसद को बताया कि पुंदाग में रेलवे अंडर पास नहीं बना सकता। राज्य सरकार पैसा दे तभी पुंदाग में रेलवे अंडर पास बनाया जा सकेगा।
सांसद को रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि रेलवे वहीं अंडरपास या ओवरब्रिज बनाता है, जहां उसका रेलवे फाटक होता है। पुंदाग में रेलवे का कोई फाटक नहीं है। यहां लोग खुद ही रेल लाइन पर आने जाने लगे हैं। इससे वहां रास्ता बन गया है। रेलवे के कागजात पर फाटक नहीं होने की वजह से रेलवे यहां अंडरपास नहीं बना सकता। नियमानुसार रेलवे यहां तभी फाटक बनाएगा, जब राज्य सरकार इसके लिए हामी भरे और पैसा देने के लिए तैयार हो। इसके बाद सांसद ने राज्य सरकार के अधिकारियों से पुंदाग में अंडरपास बनाने के लिए बात करने को कहा है।