कॉमेडी सीरीज 'बेचारे' में दिखेंगे रांची के अमरनाथ, अभिनेता रंजीत के साथ कर रहे अभिनय
Comedy Series Becharey यह कॉमेडी सीरीज हास्य और दोस्तों की जुगलबंदी पर आधारित है। इसमें अमरनाथ एक कॉल सेंटर कर्मचारी करण सहगल का किरदार निभा रहे हैं। सीरीज का पहला पार्ट 25 को वेब पोर्टल रापची ओरिजनल्स पर रिलीज किया गया है।
रांची, जेएनएन। रांची के अमरनाथ कुमार आने वाली कॉमेडी सीरीज 'बेचारे' में अभिनय करते नजर आएंगे। वे इसमें करण सहगल का किरदार निभा रहे हैं। कलरब्लाइंड एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित सीरीज "बेचारे" में मशहूर अभिनेता रंजीत भी भूमिका निभा रहे हैं। वे इस सीरीज के द्वारा ओटीटी प्लेटफाॅर्म पर अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। यह कॉमेडी सीरीज हास्य और दोस्तों की जुगलबंदी पर आधारित है।
इसमें अमरनाथ एक कॉल सेंटर कर्मचारी करण सहगल का किरदार निभा रहे हैं। इनके अलावा इसमें अमित यादव, संदीप श्रीवास्तव, संभव जैन, हिमांशु भट्ट, प्रतीत चौधरी और मयूरी भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। क्रांति प्रताप सिंह द्वारा निर्देशित और राहुल दत्ता द्वारा निर्मित इस कॉमेडी सीरीज का पहला पार्ट 25 तारीख को वेब पोर्टल रापची ओरिजनल्स पर रिलीज किया गया है। दूसरा पार्ट भी जल्द ही रिलीज किया जाएगा।
रांची के अमरनाथ दूरदर्शन के धारावाहिक "पारो-एक नई सुबह" और स्टार प्लस के धारावाहिक "ये है चाहतें" में भी महत्वपूर्ण किरदार निभा चुके हैं। अमरनाथ ने 2013 में बिरसा प्रौद्योगिकी संस्थान से बीटेक और 2017 में रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर किया है। उन्होंने दोनों क्षेत्रों में काम भी किया, पर उनकी किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने नौकरी छोड़कर एक कलाकार के रूप में खुद को स्थापित करने की ठान ली।
2015 में असगर वजाहत द्वारा लिखित और संजय लाल द्वारा निर्देशित नाटक "जिस लाहौर नई देख्या ओ जम्याई नई" में उन्हें पहला रोल मिला। उसके बाद उन्होंने अभिज्ञान शाकुन्तलम, काल कोठरी, कैनवस की मौत, गजब का जलपान और कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी जैसे नाटकों के माध्यम से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नाट्य महोत्सवों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया और निर्देशकों एवं दर्शकों के बीच एक अच्छे अभिनेता की छवि बनाई।
धारावाहिक सलाम इंडिया से मिली पहचान अभियंता से अभिनेता बने अमरनाथ कुमार के फिल्मी सफर की शुरुआत दूरदर्शन के चर्चित धारावाहिक "सलाम इंडिया" से हुई। इसमें उन्होंने गौरंग नामक समाजसेवी की भूमिका निभाई। इसका लेखन और निर्देशन लाल विजय शाहदेव ने किया था। इसके बाद उन्होंने सोनी टीवी के चर्चित धारावाहिक "क्राइम पेट्रोल" और बिग गंगा पर प्रसारित धारावाहिक "दिव्य शक्ति" में भी मुख्य भूमिकाएं निभाई। अमरनाथ अल्ट बालाजी की वेब सीरीज "बारिश 2" में भी नजर आ चुके हैं। फिल्म रांची डायरीज में काम चुके अमरनाथ आने वाले दिनों में लाल विजय शाहदेव द्वारा निर्देशित हिन्दी फिल्म लोहरदगा और क्रांति प्रताप सिंह द्वारा निर्देशित हिन्दी फिल्म लव स्ट्रीट में भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे।