Crime Roundup Jharkhand: झारखंड में बेटियों की सुरक्षा बना मुद्दा, पुलिस महकमा रेस
Crime Roundup Jharkhand News रांची के तुपुदाना क्षेत्र में नाबालिग बेटी को छेड़खानी से बचाने के क्रम में एक मां जख्मी हो गई। जेल से हो रहे अपराध पर लगाम कसने के लिए राज्य की 24 जेलों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में बेटी-बहू की सुरक्षा को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहे मंथन का आउटपुट सामने आ ही गया। राज्यपाल से लेकर मुख्यमंत्री तक के सवाल-जवाबों और अधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद डीजीपी एमवी राव के आदेश पर जिलों के लिए वाट्सएप नंबर तक जारी हो गया। पुलिस महकमा रेस है। बेटियों की सुरक्षा के मामले में कोताही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारी कार्रवाई के दायरे में आएंगे, ऐसी चेतावनी भी दे दी गई है।
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने डीजीपी एमवी राव को दो टूक कह दिया है कि बेटियों से होने वाले अपराध के मामले में अधिकारी संवेदनशील बनें। एक दिन पूर्व कोडरमा में वाहन चेकिंग के दौरान एक नाबालिग को थप्पड़ जड़ने वाले इंस्पेक्टर राम नारायण ठाकुर की शिकायत जब मुख्यमंत्री के पास पहुंची तो उन्होंने एसपी कोडरमा को कार्रवाई का आदेश दे दिया। अब इंस्पेक्टर पर होगी।
वहीं, रांची के तुपुदाना क्षेत्र में नाबालिग बेटी को छेड़खानी से बचाने के क्रम में एक मां जख्मी हो गई। मनचलों ने पत्थर मारकर उसे जख्मी कर दिया। पिछले 24 घंटे के भीतर राज्य में अपराध पर पुलिस की सक्रियता ज्यादा दिखी। जेल से हो रहे अपराध पर लगाम कसने के लिए राज्य की 24 जेलों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दरम्यान दो केंद्रीय कारा जमशेदपुर के घाघीडीह व केंद्रीय कारा गिरिडीह में चाकू, कैंची, मोबाइल, रस्सी सहित कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिली हैं।
ये वस्तुएं जेलों की सुरक्षा व्यवस्था का पोल खोलती नजर आ रही है। रांची के ओरमांझी में भी पुलिस-प्रशासन की सक्रियता से उत्क्रमित मध्य विद्यालय चुटूपालू की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करने वालों को भागना पड़ा। रांची के टाटीसिलवे में पुलिस की सक्रियता से ही जन वितरण प्रणाली के 41 बोरा चावल कालाबाजारी से पहले ही बरामद कर लिए गए।
पूरे राज्य में बुधवार का दिन शहीदों के सम्मान के नाम रहा। अपने राज्य व देश की सुरक्षा की खातिर सीने पर दुश्मनों की गोलियां खाने वाले वीर जांबाजों को झारखंड ही नहीं पूरा देश याद किया और उनके सम्मान में शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित की। झारखंड के सभी जिलों, इकाइयों में पुलिस संस्मरण दिवस के रूप में इस तिथि को याद किया गया।