प्रेम प्रसंग में हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया Latehar News
सदर थाना क्षेत्र की पांडेयपुरा पंचायत के माणिकपुरा लोटो गांव में बुधवार की शाम पुलिस ने पेड़ से लटकता हुआ शव बरामद किया है। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र की आरागुंडी पंचायत के कुंदरी गांव निवासी विनोद उरांव उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।
लातेहार (जासं)। सदर थाना क्षेत्र की पांडेयपुरा पंचायत के माणिकपुरा लोटो गांव में बुधवार की शाम पुलिस ने पेड़ से लटकता हुआ शव बरामद किया है। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र की आरागुंडी पंचायत के कुंदरी गांव निवासी विनोद उरांव उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने लातेहार पुलिस को शव होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। शव संदिग्ध परिस्थितियों होने की वजह से पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं मृतक के भाई विकास उरांव ने पुलिस को बताया कि विनोद की हत्या कर शव को पेड़ में लटका दिया गया है।
उसने बताया कि गांव की एक लड़की के साथ विनोद उरांव का प्रेम प्रसंग चल रहा था। आशंका है कि इसकी हत्या प्रेम प्रसंग के कारण ही कर दी गई है। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ में फंदा से लटका दिया गया है। इसकी सूचना पंचायत की मुखिया ललिता देवी को मिली। मृतक के स्वजनों से मिलकर उन्होंने मामले की जानकारी तथा ढाढस बंधाया। साथ ही हर संभव मदद करने की सांत्वना दी। इधर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार की शाम पेड़ से झूलता हुआ शव बरामद किया गया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। इस मामले में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। घटना के बाद गांव में माहौल गमगीन हो गया है।