देवघर की अनुष्का बनीं मिस क्वीन, फाइनल राउंड में 40 प्रतिभागियों को पछाड़ा Deoghar News
Mister Miss and Missus Queen मिस्टर मिस एंड मिसेस क्वीन/किंग 2020 सीजन 2 का आयोजन नई दिल्ली में 27 सितंबर से शुरू हुआ था। इसका फिनाले राउंड 4 अक्टूबर को हुआ। फिनाले राउंड में 40 प्रतिभागी शामिल हुए।
रांची/देवघर, जेएनएन। झारखं के देवघर की रहने वाली अनुष्का आनंद ने राज्य का नाम एक बार फिर रोशन किया है। उन्होंने अपनी प्रतिभा को पुन: साबित करते हुए दिल्ली में आयोजित मिस्टर, मिस एंड मिसेस क्वीन/किंग 2020 सीजन 2 के मिस क्वीन का खिताब अपने नाम किया है। अनुष्का लगातार मॉडलिंग के क्षेत्र में जलवा बिखेर रही हैं। 2018 में डेलिवुड मिस इंडिया झारखंड विनर का खिताब उन्होंने अपने नाम किया था।
मिस्टर, मिस एंड मिसेस क्वीन/किंग 2020 सीजन 2 का आयोजन दिल्ली में एसके प्रेजेंटेशन के द्वारा 27 सितंबर से शुरू हुआ था। इसका फिनाले राउंड 4 अक्टूबर को हुआ। फिनाले राउंड में 40 प्रतिभागी शामिल हुए। इसमें देश के लगभग सभी राज्य से प्रतिभागियों ने भाग लिया। फाइनल राउंड में अनुष्का ने सबको पीछे छोड़ते हुए यह खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम की विजेता घोषित होने के बाद आयोजकों ने देवघर की अनुष्का आनंद को क्राउन पहनाकर व मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
खिताब को अपने नाम करने के बाद अनुष्का ने जीत का श्रेय अपने माता-पिता एवं भाई के साथ-साथ डॉल्फिन डांस एकेडमी से जुड़े हर एक शिक्षक, मनोज आर्यन एवं वीरेंद्र मोहन को दिया है। बता दें कि 20 दिन पूर्व ऑनलाइन ऑडिशन द्वारा अनुष्का ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। 2019 में झारखंड का खिताब जीतने के बाद झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने देवघर में ही आयोजित एक कार्यक्रम में अनुष्का को एक लाख की प्रोत्साहन राशि दी थी।
वर्ष 2019 में अनुष्का आनंद को सम्मानित करते झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास, और साथ में निशिकांत दुबे।
कार्यक्रम से जुड़ी मेंबर में मिस्टर इंडिया अभी शर्मा, वेआ इंटरनेशनल ग्लैम क्वीन श्वेता सिंह चौधरी, मिस्टर इंडिया की शान मिस्टर सूरज सिंह, मिसेज दिल्ली एनसीआर मिसेज वीना राजपूत, और मिसेज इंडिया दीवा क्वीन मिसेज राजेश्वरी उपस्थित रहे। यह ऑडिशन दिल्ली के आयोजक संदीप गोस्वामी एवं सोनिया खटाना के नेतृत्व में फाइनल राउंड ऑडिशन में लिया गया था।
एक कार्यक्रम में झारखंड की पूर्व मंत्री लुईस मरांडी के साथ अनुष्का।