Coronavirus Update: जेल की सलाखों तक कोरोना, झारखंड के 5 सेंट्रल जेल व 4 मंडल कारा के कैदी संक्रमित
Jharkhand Coronavirus Update जेल आइजी ने आदेश दिया है कि संपर्क में रहने वाले बंदियों की जांच कराएं। अब तक 72 बंदी व 40 कर्मी संक्रमित हुए हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Coronavirus Update कोरोना वायरस का बढ़ता संक्रमण जेलों को अपनी जद में लेता जा रहा है। अब तक राज्य के पांच सेंट्रल जेल व चार मंडल कारा तक कोरोना वायरस का संक्रमण पहुंच गया है। इतना ही नहीं जेल आइजी के कार्यालय के कर्मी भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। जेलों में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए कारा महानिरीक्षक वीरेंद्र भूषण ने सभी जेलों को यह आदेश जारी किया है कि वे सभी वैसे बंदियों की कोविड जांच कराएं, जो संक्रमित बंदियों के संपर्क में रहे हैं।
जेल मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 72 बंदी व 40 कैदी कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार से 34 कैदी व 25 कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। इसके अलावा केंद्रीय कारा, दुमका के चार कर्मी, केंद्रीय कारा, घाघीडीह जमशेदपुर के एक कर्मी, केंद्रीय कारा, गिरिडीह के तीन बंदी, केंद्रीय कारा, हजारीबाग के तीन कर्मी, मंडल कारा, चतरा के एक बंदी, मंडल कारा, गढ़वा का एक कर्मी, मंडल कारा, लोहरदगा का एक कर्मी व मंडल कारा, पाकुड़ के पांच कर्मी व 34 बंदी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
ये एहतियात बरतने का निर्देश
- जेल में अगले आदेश तक के लिए मुलाकात पर रोक।
- बंदियों को फिलहाल टेलीफोन व वीडियो कांफ्रेंङ्क्षसग की सुविधा मिलेगी, जिससे वे अपने परिजन से संपर्क कर सकेंगे। इसके लिए जेलों में रोस्टर व टोकन सिस्टम लागू होगा।
- बिना सूचना के कोई भी कर्मी जेल से बाहर नहीं जा सकेगा।
- बाहर से सामान जेल में लाने पर रोक।
- पॉजिटिव बंदियों को जिला कोविड सेंटर में भर्ती कराने की व्यवस्था करनी है।
- सभी बंदियों को तत्काल तीन-तीन मास्क उपलब्ध कराया जाए।
- दूध की जगह नींबू की चाय और गुणवत्ता युक्त भोजन परोसा जाए।