Jharkhand Weather Updates: झारखंड में अगले 2 दिनाें तक तेज बारिश, कई जिलों में अलर्ट जारी
Jharkhand Weather Update News झारखंड के कई जिलों में रात भर बारिश हुई। मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए अलर्ट जारी किया है।
रांची, जासं। रांची सहित आसपास के इलाके में बुधवार की शाम से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के साथ रांची और आसपास के इलाके में तेज हवा भी चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के तट के पास एक कम दबाव का चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है। गुरुवार को राज्य में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
इसे देखते हुए मौसम विभाग के द्वारा राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को रांची और आसपास के इलाके में दिनभर बादल छाये रहेंगे। साथ ही, दिन में कई बार गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। दिन और रात के तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के द्वारा जारी बुलेटेन में बताया गया है कि राज्य में मानसून का टर्फ लाइन डालटेनगंज के पास बना हुआ है।
अगले 24 घंटे में राज्य में मानसून पूर्ण रूप से सक्रिय रहेगा। इसका असर बुधवार की शाम से गुरुवार को पूरे दिन रांची के मौसम पर दिखेगा। बुधवार को राज्य में 24 घंटों के दौरान सबसे ज्यादा बारिश सिमडेगा के कोलेबिरा में 135 मिमी रिकॉर्ड किया गया। मानसून का टर्फ लाइन बीकानेर, जयपुर, ग्वालियर, डालटेनगंज होते हुए बंगाल की खाड़ी के कम दबाव वाले क्षेत्र तक बना हुआ है।
इसके कारण गुरुवार को राज्य में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, खरसावां, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, गिरीडीह जिले में तेज बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना है। हालांकि राज्य के नौ जिले अभी ऐसे हैं जहां सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार एक जून से पांच अगस्त तक राज्य के गुमला जिले में सबसे कम बारिश हुई है।