बालू माफिया के खिलाफ गोलबंद हुए ग्रामीण
किसानों की पिटाई करने से आक्रोशित ग्रामीण गोलबंद हो रहे हैं।
ओरमांझी : किसानों की पिटाई करने से आक्रोशित ग्रामीण गोलबंद हो रहे हैं। शनिवार को गांव के स्कूल मैदान में ग्रामीणों ने बैठक की। बैठक में मुखिया विनोद बेदिया, झारखंड प्रदेश आदिवासी सरना पड़हा अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि प्रेम नाथ मुंडा, भाजपा सक्रिय कार्यकर्ता सुनील महतो, ग्रामप्रधान शंकर करमाली, रामप्रसाद बेदिया, उप मुखिया नवीन मुंडा, ओरमांझी के पूर्व मुखिया दीपक बड़ाईक व गांव के सैकड़ों ग्रामीणों के साथ महिलाएं भी उपस्थित थीं। मौके पर बालू माफिया का विरोध करने का निर्णय लेते हुए कहा गया कि अब घाट से जरा सी भी बालू का उठाव नहीं होने दिया जाएगा। बाद में पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे थानाप्रभारी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर किसानों की पिटाई करने वालों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि किसानों व महिलाओं को न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन भी किया जाएगा।
-----
क्या है मामला
विगत शुक्रवार को सुबह आठ बजे के करीब थाना क्षेत्र के गणेशपुर निवासी दिलेश्वर बेदिया, उसके पिता रामदेव बेदिया, मां ठुनकी देवी व गांव के ही केतरा बेदिया की पत्नी सुरपति देवी घुरनीदह बालू घाट स्थित अपने खेत में धान रोपनी करने गए थे। वहीं, कुटे निवासी बालू माफिया इमरान खान, इमामुद्दीन खान, बबलू खान व इसराफिल अंसारी गांव के 25-30 युवाओं के साथ रॉड व लाठी से लैस होकर पहुंचे और किसानों को धनरोपनी करने से मना किया। किसानों के नहीं मानने पर माफिया व उनके साथ आए हुए लोगों ने सभी की पिटाई कर दी और दो जोड़ी बैल लूटकर ले गए। इसकी शिकायत थाने में करने के बाद रात में ही लूटे गए बैल किसानों को लौटा दिए गए।
------
ग्रामीणों ने कराई धनरोपनी
घटना के दूसरे दिन गांव में ग्रामीणों की बैठक हुई। इसके बाद बालू माफिया के खिलाफ गोलबंद होकर ग्रामीण किसान के खेत पर पहुंचे और ग्रामीणों की सुरक्षा में ही रोपनी कराई गई। बैठक में उपस्थित व किसानों को रोपनी कराने वालों में मुखिया व ग्राम प्रधान के साथ वार्ड सदस्य लखन बेदिया, बिशुन बेदिया, संतोष गुप्ता, रामराज महतो, धनेश्वर बेदिया, मनीराम बेदिया, टेमना गंझू, आनंद महतो, सुखदेव बेदिया, रमेश महतो, बालकिशुन मुंडा, धनीनाथ करमाली, बिनोद महतो, बालकिशोर मुंडा व अमरनाथ भोगता सहित कई ग्रामीणों समेत महिलाएं भी शामिल थीं।
------------
किसानों की पिटाई व महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।
-प्रेमनाथ मुंडा, विधायक प्रतिनिधि सह अध्यक्ष झारखंड प्रदेश आदिवासी सरना समिति।
-------------------
घटना को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हैं। पिटाई व महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटना दुखद है। पीड़ितो के साथ न्याय होना चाहिए।
-विनोद बेदिया, मुखिया जयडीहा।