राज्य में बरकरार है अच्छी फसल की आस
झारखंड में समय पर मानसून का आगमन और किसानों की पुख्ता तैयारी का असर खेती पर स्पष्ट दिख रहा है। राज्य की मुख्य फसल धान समेत अन्य फसलों की बुआई की स्थिति काफी बेहतर है इससे राज्य में अच्छी फसल के आसार नजर आ रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, रांची : झारखंड में समय पर मानसून का आगमन और किसानों की पुख्ता तैयारी का असर खेती पर स्पष्ट दिख रहा है। राज्य की मुख्य फसल धान समेत अन्य फसलों की बुआई की स्थिति काफी बेहतर है, इससे राज्य में अच्छी फसल के आसार नजर आ रहे हैं। 31 जुलाई तक धान का आच्छादन लक्ष्य के 73 फीसद तक पहुंच गया है, जबकि मक्का, दलहन समेत अन्य सभी फसलों का 71 फीसद। गत वर्ष के सापेक्ष यह स्थिति काफी बेहतर मानी जा रही है। गत वर्ष इस अवधि में धान का आच्छादन लक्ष्य के महज 26 फीसद तक ही सिमटा था, जबकि अन्य फसलों का 37 फीसद।
खरीफ फसल की बुआई की अवधि आम तौर पर 31 जुलाई तक ही मानी जाती है, लेकिन झारखंड में यह कार्य 15 अगस्त तक किया जाता है। यदि मानसून का साथ मिला तो 15 अगस्त तक यह आंकड़ा लक्ष्य के 90 फीसद तक पहुंच सकता है। राज्य में जुलाई में आम तौर पर 320 मिमी औसत बारिश होती है लेकिन इस बार 262 मिमी हुई है, जो कि इस माह होने वाली बारिश का 80 फीसद है। इस लिहाज से देखें तो बुआई की स्थिति काफी बेहतर है। जून और जुलाई में अपेक्षा के अनुरूप बारिश होने से पलामू के तीन और उत्तरी छोटानागपुर के छह जिलों में धान की रोपाई गत वर्ष के सापेक्ष काफी अच्छी में रही। गत वर्ष पलामू में लक्ष्य का महज चार फीसद और उत्तरी छोटानागपुर में सात फीसद ही हासिल हो सका था। इस बार दोनों प्रमंडलों में लक्ष्य का क्रमश: 76 और 74 फीसद हासिल किया गया है। यहां यह भी बता दें कि एक जुलाई तक राज्य में खेती की स्थिति के आंकड़े बहुत अच्छे नहीं थी। राज्य के एक दर्जन जिलों में धान की रोपाई का कार्य तक नहीं शुरू हुआ था लेकिन जुलाई में मौसम अनुकूल रहने का परिणाम बेहतर आंकड़ों के रूप में दिखाई दे रहा है।
-------------
मौजूदा स्थिति
फसल लक्ष्य हासिल लक्ष्य फीसद
धान 1800.00 1317.907 73.22
मक्का 312.56 272.183 87.08
दलहन 612.00 373.181 60.89
तेलहन 60.00 30.365 50.61
मोटा अनाज 42.00 13.662 32.53
कुल 2827.46 2007.298 70.99
नोट : खेती के आंकड़े हजार हेक्टेयर में हैं।
-------------