Move to Jagran APP

महिला विश्व कप फुटबॉल के लिए झारखंड के 8 खिलाड़ि‍यों का फिटनेस शिविर रांची में लगेगा

FIFA U-17 Womens World Cup. गोवा में 20 जुलाई से होने वाला शिविर रद हो गया। टीम के सहायक कोच एलैक्स एंब्रोस सुविधाओं का जायजा लेने 15 जुलाई को रांची आएंगे।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Tue, 14 Jul 2020 11:59 AM (IST)Updated: Tue, 14 Jul 2020 12:05 PM (IST)
महिला विश्व कप फुटबॉल के लिए झारखंड के 8 खिलाड़ि‍यों का फिटनेस शिविर रांची में लगेगा
महिला विश्व कप फुटबॉल के लिए झारखंड के 8 खिलाड़ि‍यों का फिटनेस शिविर रांची में लगेगा

रांची, जासं। अगले वर्ष (2021) भारत में आयोजित अंडर-17 महिला विश्व कप फुटबॉल के लिए भारतीय टीम के तैयारी शिविर के रांची में आयोजित होने का रास्ता अब साफ हो गया है। शिविर में शामिल झारखंड की आठ खिलाडिय़ों का फिटनेस शिविर भी रांची में होगा। फिटनेस शिविर मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

loksabha election banner

विश्व कप कैंप के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के लिए भारतीय फुटबॉल संघ टीम के सहायक कोच एलैक्स एम्ब्रोस को रांची भेज रहा है। एम्ब्रोस 15 जुलाई को रांची आयेंगे तथा दो दिन रहकर सारी सुविधाओं का मुआयना कर अपनी रिपोर्ट मुख्य कोच को देंगे। इस दौरान एम्ब्रोस रांची में चल रहे झारखंड के खिलाडिय़ों को फिटनेस कैंप को भी देखेंगे तथा सभी से बात करेंगे।

भारतीय फुटबॉल संघ के अनुसार 20 जुलाई से गोवा में आयोजित होने वाला भारतीय कैप रद कर दिया गया है। माना जा रहा है कि यह कैंप रांची में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर के आयोजन में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विशेष रुचि ले रहे हैं। इसके लिए उन्होंने भारतीय फुटबॉल संघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल से भी बात की है।

मुख्यमंत्री द्वारा शिविर आयोजित करने में रुचि लेने के बाद भारतीय फुटबॉल संघ ने सुविधाओं का जायजा लेने के लिए टीम के सहायक कोच को रांची भेजने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि एम्ब्रोस की रिपोर्ट के बाद इस पर अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा। एम्ब्रोस मुख्यत: सुरक्षा, ग्र्राउंड व रहने की व्यवस्था का जायजा लेंगे।

झारखंड के खिलाडिय़ों का फिटनेस कैंप 16 से

विश्व कैप तैयारी शिविर में शामिल झारखंड की आठ खिलाडिय़ों के फिटनेस शिविर का आयोजन 16 जुलाई से मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में किया जाएगा। इस शिविर के लिए भारतीय फुटबॉल संघ के सचिव कुशल दास ने हरी झंडी दे दी है। खेल सचिव पूजा सिंघल को लिखे पत्र में कुशल दास ने बताया कि गोवा में आयोजित होने वाला शिविर रद हो गया है।

इस कारण वे झारखंड के खिलाडिय़ों के लिए शिविर आयोजित कर सकते हैं। शिविर में खिलाडिय़ों का कोरोना टेस्ट भी होगा। शिविर में झारखंड की आठ खिलाड़ी सुमति कुमारी, अमीषा बाखला, अंजलि मुंडा, अनिता कुमारी, नीतू लिंडा, सुनीता मुंडा, पूर्णिमा कुमारी व अस्टम उरांव शामिल हैं। लॉकडॉउन के कारण ये सभी खिलाड़ी पिछले साढ़े तीन माह से मैदान से दूर हैं।

हालांकि झारखंड फुटबॉल संघ के महासचिव गुलाम रब्बानी ने झारखंड के खिलाडिय़ों के कैंप के आयोजन पर सवाल उठाते हुए कहा था कि झारखंड में उस स्तर के प्रशिक्षक नहीं है। उन्होंने आपत्ति दर्ज करते हुए कहा था कि राज्य सरकार ने राज्य संघ को विश्वास में लिए बगैर सीधे भारतीय फुटबॉल संघ से बात की।

'झारखंड के खिलाड़ी आगे बढ़ें यह हम सब चाहते हैं। फिटनेस शिविर में हमारी बेटियां वापस अपने लय में लौटेंगी। भारतीय शिविर रांची में आयोजित होता है तो यह गर्व की बात है। उम्मीद करते हैं कि टीम के सहायक कोच की रिपोर्ट के बाद नेशनल कैंप के आयोजन को हरी झंडी मिल जाएगी।' -नजम अंसारी, अध्यक्ष, झारखंड फुटबॉल संघ।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.